प्रतापनगर में विधायक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ
विधायक बिक्रम सिंह नेगी ने किया विधानसभा स्तरीय खेल महाकुंभ का उद्घाटन
प्रतापनगर। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा आयोजित विधानसभा स्तरीय खेल महाकुंभ की विधायक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को प्रतापनगर खेल मैदान में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन विधायक बिक्रम सिंह नेगी ने किया।
इस अवसर पर विधायक बिक्रम सिंह नेगी ने कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, इसलिए युवाओं को स्वस्थ जीवन के लिए खेल को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेलों से न केवल अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि युवा अपनी प्रतिभा को भी निखार सकते हैं।
विधायक नेगी ने बताया कि विधानसभा प्रतापनगर क्षेत्र में दो मिनी स्टेडियम बनकर तैयार हो चुके हैं। भविष्य में पट्टी भदूरा, रौणद रमौली, उपली रमौली एवं ओण पट्टी में भी खेल मैदान विकसित किए जाएंगे, बशर्ते भूमि उपलब्ध हो। उन्होंने राज्य सरकार से न्याय पंचायत स्तर पर एक-एक खेल मैदान बनाने की मांग भी की, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।
प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-14 वर्ग की विभिन्न खेल स्पर्धाएं संपन्न हुईं।
लंबीकूद (बालक वर्ग) में आयुष प्रथम, कृष्णा द्वितीय तथा अंकित तृतीय स्थान पर रहे।
लंबीकूद (बालिका वर्ग) में सुहाना प्रथम, मानसी द्वितीय एवं आरती तृतीय रहीं।
खो-खो प्रतियोगिता में न्याय पंचायत तिनवालगांव प्रथम, रौणिया द्वितीय तथा पनियाला तृतीय स्थान पर रहा।
वहीं कबड्डी प्रतियोगिता में न्याय पंचायत रौणिया विजेता एवं तिनवालगांव उपविजेता रहा।
प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि विधायक बिक्रम सिंह नेगी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर खंड विकास अधिकारी पूरण सिंह पयाल, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी शुभम गौड़, सहायक विकास अधिकारी पंचायत रजवंत रांगड़, प्रधान गजेंद्र रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष शीशपाल पंवार, मोर सिंह पंवार, त्रैपन रौतेला, कमल सिंह रावत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।