:- केंद्र और राज्य सरकार का पुतला दहन, महंगाई पर नियंत्रण न होने पर बड़े जनआंदोलन की चेतावनी
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। प्रदेश में लगातार बढ़ रही रसोई गैस तथा पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में यूथ कांग्रेस और प्रेम नगर व्यापार मंडल ने बुधवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रेम नगर चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार का पुतला दहन कर महंगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यह प्रदर्शन यूथ कांग्रेस नेता रितेश छेत्री, राजेश शर्मा और राजीव पुंज के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है और सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
इस अवसर पर रितेश छेत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार को जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है।
वक्ताओं ने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सबसे अधिक असर महिलाओं और गृहस्थी चलाने वाले परिवारों पर पड़ रहा है। वहीं पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का प्रभाव परिवहन लागत के माध्यम से हर जरूरी वस्तु पर पड़ता है, जिससे महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस और यूथ कांग्रेस व्यापक जनआंदोलन छेड़ने को मजबूर होगी।
इस मौके पर व्यापार मंडल नेता राजेश शर्मा ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सीधा असर छोटे व्यापारियों और दुकानदारों पर भी पड़ रहा है। पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने से परिवहन लागत बढ़ जाती है, जिसका बोझ अंततः व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों को उठाना पड़ता है।
वहीं व्यापार मंडल नेता राजीव पुंज ने कहा कि महंगाई के कारण बाजार की रौनक कम होती जा रही है और व्यापार पर इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। यदि इसी तरह कीमतें बढ़ती रहीं तो छोटे व्यापारियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने सरकार से महंगाई कम करने के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
यूथ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता की आवाज को दबाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से जोरदार विरोध किया जाएगा।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से संजय शर्मा, लाल चंद शर्मा, गरिमा मेहरा दसौनी, संगीता गुप्ता, दीवान सिंह बिष्ट, पिया थापा, आशीष देसाई, कैलाश बाल्मीकि, अनिल बस्नेत, विनय शर्मा, अनूप शर्मा, सुखपाल गांधी, अशोक गुप्ता, हेली जी, कुलदीप नरूला, हरदीप, इशू, मयंक, सोनू बिष्ट, पीयूष जोशी, प्रियांशु गौड़, वंश सूद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।प्रेस बयान
सरकार जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील: डॉ. जसविंदर सिंह गोगी
देहरादून। प्रदेश में लगातार बढ़ रही रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि आज महंगाई ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है। रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल के लगातार बढ़ते दामों ने हर परिवार के बजट को बुरी तरह प्रभावित किया है, लेकिन केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील बनी हुई है।
डॉ. गोगी ने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब, मध्यम वर्ग और गृहिणियों पर पड़ रहा है। रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि से रसोई चलाना भी आम परिवारों के लिए कठिन होता जा रहा है। वहीं पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन महंगा हो गया है, जिसका सीधा प्रभाव हर जरूरी वस्तु की कीमतों पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनावों के समय जनता से महंगाई कम करने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज स्थिति यह है कि हर दिन आम आदमी पर महंगाई का बोझ बढ़ता जा रहा है। कई स्थानों पर पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरें भी आ रही हैं, जिससे जनता और अधिक परेशान है।