देहरादून में भारतीय योग संस्थान का विशेष योग शिविर आयोजित
भारतीय योग संस्थान के अखिल भारतीय प्रधान देशराज गुप्ता
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। भारतीय योग संस्थान के तत्वावधान में शुक्रवार को स्वर्गपुरी आश्रम, रेसकोर्स पुलिस लाइन के पास विशेष शिविर आयोजित किया गया। जिसमें संस्थान के अखिल भारतीय प्रधान देशराज गुप्ता ने शिरकत की। दोपहर बाद 3:00 बजे से 5:30 बजे तक उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे साधकों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नियमित योग, प्राणायाम और ध्यान से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा मानसिक तनाव कम होता है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवनशैली है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से संतुलित बनाती है। उन्होंने साधकों को कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भस्त्रिका प्राणायाम, सूर्य नमस्कार और ध्यान की विधियां सिखाईं। उन्होंने बताया कि नियमित कपालभाति से पाचन तंत्र मजबूत होता है और शरीर की अतिरिक्त चर्बी कम करने में सहायता मिलती है। अनुलोम-विलोम से मानसिक तनाव घटता है और फेफड़ों की क्षमता बढ़ती है।
भारतीय योग संस्थान के उत्तराखंड प्रांतीय मंत्री मोहनलाल विरमानी
देशराज गुप्ता ने कहा कि योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, थायरॉयड एवं हृदय संबंधी समस्याओं में भी लाभ मिलता है। उन्होंने साधकों को कम से कम 30 से 45 मिनट प्रतिदिन योग करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में उपस्थित साधकों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया और इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
उत्तराखंड के प्रांतीय मंत्री मोहनलाल ने कहा कि भारतीय योग संस्थान भारतीय संस्कृति में अटूट विश्वास रखता है और “वसुधैव कुटुंबकम्” को अपना आदर्श मानता है। संस्थान की स्थापना 10 अप्रैल 1967 को आदरणीय प्रकाश लाल द्वारा दिल्ली में पहले निशुल्क योग केंद्र से हुई थी। वर्तमान में देश-विदेश—मॉरीशस, यूके, फिजी, अमेरिका, दुबई, ताइवान, चीन आदि में लगभग 4500 निशुल्क योग केंद्र संचालित हैं।
संस्थान का उद्देश्य ऐसे कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है जो समाज में ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार कर सकें। इस मौके पर उत्तराखंड प्रांत में प्रांतीय मंत्री मोहनलाल विरमानी, जिला मंत्री सुधीर वर्मा, रणजीत राणा, मनोज जायसवाल आदि शामिल रहे। गौरतलब है कि संस्थान देहरादून के गांधी पार्क, करनपुर, रेसकोर्स सहित विभिन्न क्षेत्रों में निशुल्क योग कक्षाएं संचालित कर रहा है। ऑनलाइन माध्यम से भी योग प्रशिक्षण दिया जा रहा है।