देहरादून। उत्तराखंड के 13 में से 12 (हरिद्वार को छोड़कर) जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी हो चुकी है। दो चरणों में होने वाले मतदान के लिए 25 जून से 28 जून 2025 तक सुबह 8 बजे से नामांकन की प्रक्रिया होगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि राज्य सरकार की ओर से आरक्षण की प्रक्रिया पूरी कर दी गई थी। पंचायती राज सचिव की ओर से चुनावी अधिसूचना 21 जून को जारी होने के बाद अब जिला निर्वाचन अधिकारी 23 जून को चुनाव की सूचना जारी करेंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार
दो चरणों में पंचायत चुनाव होंगे। 19 जुलाई को दोनों चरणों की मतगणना होगी। 12 जिलों के 89 विकासखंडों और 7499 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे। 66 हजार 418 पदों पर चुनाव होने है। जिसमें से ग्राम पंचायत सदस्य के 55 हजार 587 पद, प्रधान ग्राम पंचायत के 7499 पद, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 2974 पद और जिला पंचायत सदस्य के 358 पदों पर चुनाव होने हैं। प्रदेश में कुल 8276 मतदान केंद्र हैं। 10 हजार 529 मतदान स्थल होंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार प्रेस कांफ्रेंस करते हुए।
इस प्रकार होगा चुनावी कार्यक्रम :
21 जून को पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी। 25 जून से 28 जून 2025 तक सुबह 08 बजे से शाम 04 बजे तक नामांकन की प्रक्रिया। 29 जून से 01 जुलाई तक सुबह 08 बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच। 02 जुलाई को सुबह 08 बजे से शाम 03 बजे तक नाम वापसी।
दो चरणों में होंगे पंचायत चुनाव:
पहले चरण के चुनाव चिन्ह का आवंटन 03 जुलाई को सुबह 08 बजे से कार्य समाप्ति तक किया जाएगा। पहले चरण का मतदान 10 जुलाई को सुबह 08 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। दूसरे चरण के चुनाव चिन्ह का आवंटन 08 जुलाई को सुबह 08 बजे से कार्य समाप्ति तक किया जाएगा। दूसरे चरण का मतदान 15 जुलाई को सुबह 08 बजे से शाम 05 बजे तक होगा। दोनों चरणों के चुनाव की मतगणना एक साथ 19 जुलाई को सुबह 8 बजे से कार्य समाप्ति होगी। आचार संहिता और पंचायत मतदाता सूची की प्रति आयोग की वेबसाइट www.sec.uk.gov.in पर उपलब्ध है।
राज्य निर्वाचन आयोग का टोल फ्री नंबर : 18001804280