देहरादून में “ऑपरेशन नाइट वॉच” का असर—42 ड्रंक ड्राइवर्स गिरफ्तार, 60 से ज्यादा वाहन सीज

रातभर चला पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 1600+ लोगों से पूछताछ, संदिग्धों पर भी कड़ी कार्रवाई

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून, 28 मार्च 2026। दून पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “ऑपरेशन नाईट वॉच” अब सख्ती के साथ जमीन पर नजर आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशों पर पूरे जनपद में रात्रि के समय सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए हुड़दंगियों और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

27 मार्च की रात नगर से लेकर देहात तक पुलिस की अलग-अलग टीमों ने सीमावर्ती चौकियों और आंतरिक मार्गों पर आकस्मिक चेकिंग की। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 42 लोगों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए गए।

इसके अलावा रैश ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, हूटर और काले शीशे जैसे नियम उल्लंघन पर 45 अन्य वाहनों को भी सीज किया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 80 चालकों के खिलाफ चालान करते हुए 46,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि 96 मामलों में कोर्ट चालान किए गए।

अभियान के दौरान पुलिस ने 1580 वाहनों की जांच की और 1650 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी सत्यापन संबंधी जानकारी जुटाई।

रात में अनावश्यक रूप से घूम रहे करीब 400 लोगों से मौके पर पूछताछ की गई। वहीं, 64 संदिग्ध व्यक्तियों को बीएनएसएस की धारा 172 के तहत थाने लाया गया। इसके साथ ही 38 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई करते हुए 9500 रुपये का जुर्माना किया गया।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि शिक्षण संस्थानों के आसपास गुटबाजी और माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही रात्रि में लगातार स्थान बदलकर चेकिंग अभियान चलाया जाए, ताकि अराजक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *