“भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत के आदर्श आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत”

पुण्यतिथि पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय परिसर देहरादून में श्रद्धांजलि कार्यक्रम

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून, 7 मार्च। हिमालयन अभ्युदय सामाजिक संस्थान एवं उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय परिसर देहरादून के संयुक्त तत्वाधान में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की पुण्यतिथि पर शनिवार को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय परिसर में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी निदेशक उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय परिसर देहरादून डॉ. सुभाष रमोला ने कहा कि पं. गोविंद बल्लभ पंत के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनका विराट व्यक्तित्व आजादी के कालखंड से ही प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने कहा कि हिमालय पुत्र पंत ने उत्तराखंड के सुदूर अल्मोड़ा के खूंट से निकलकर राष्ट्रीय फलक पर प्रदेश का नाम रोशन किया।

डॉ. भावना डोभाल ने कहा कि पंत जी का जीवन केवल राजनीति तक सीमित नहीं था, बल्कि वह जनसेवा, त्याग और राष्ट्रभक्ति की जीवंत गाथा थे। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा देने के साथ ही स्वतंत्र भारत के प्रशासनिक और भाषायी स्वरूप को भी स्थायित्व प्रदान किया। हिंदी को राजभाषा का गौरव दिलाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

डॉ. नरेंद्र जगुड़ी ने कहा कि पं. गोविंद बल्लभ पंत को देश के यशस्वी नेता के रूप में सदा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को ऐसे महामानवों के इतिहास से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर गोविंद रावत, बृजमोहन खाती, कुंदन सिंह, अभिषेक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *