10 मई को अक्षय तृतीय के दिन खोले जाएंगे गंगोत्री धाम के कपाट

देहरादून : उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद स्थित गंगोत्री धाम के कपाट 10 मई को अक्षय तृतीय के दिन खोले जाएंगे। चैत्र नवरात्र के पहले दिन तीर्थ पुरोहितों ने गंगोत्री धाम के कपाट खोलने का शुभ मुहूर्त निकाला। गंगोत्री मंदिर समिति के के अध्यक्ष हरीश सेमवाल ने बताया कि गंगोत्री धाम के कपाट 10 मई को दिन में 12.25 बजे खोले जाएंगे। इस बार जांगला से गंगोत्री धाम तक मां गंगा की रथ यात्रा निकाली जाएगी। इसको लेकर मंगलवार को उत्तरकाशी में गंगोत्री के तीर्थ पुरोहितों ने बैठक की। गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने कहा कि 9 मई को गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखवा से गंगा की डोली कृतिका नक्षत्र पर दोपहर 12.20 बजे गंगोत्री के लिए रवाना होगी। मार्कंडेय मंदिर, देवी मंदिर होते हुए रात्रि विश्राम के लिए गंगा की डोली यात्रा भैरव घाटी पहुंचेगी। जहां भैरव मंदिर में रात्रि विश्राम करेगी। 10 मई की सुबह 5.30 बजे गंगा की डोली गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी। गंगोत्री धाम पहुंचने पर गंगा लहरी पाठ, गंगा सहस्त्रनाम पाठ होगा। इसके साथ ही सर्वार्थ अमृत सिद्ध योग के शुभ मुहूर्त पर गंगोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे। यमुनोत्री धाम के कपाट भी 10 मई को खोले जाने हैं। हालांकि, यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने का शुभ मुहूर्त 14 अप्रैल को यमुनोत्री के तीर्थ पुरोहितों तय करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *