यूजेवीएन मुख्यालय में श्रद्धा से मनाई गई पर्वतीय गांधी इंद्रमणि बडोनी की जयंती

उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रणेता को अधिकारियों-कर्मचारियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

देहरादून। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रणेता एवं “पर्वतीय गांधी” के नाम से विख्यात स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की जयंती सोमवार को देहरादून स्थित यूजेवीएन लिमिटेड मुख्यालय ‘उज्ज्वल’ में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

प्रबंध निदेशक ने बताया बडोनी का संघर्षमय जीवन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप सिंघल ने स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी के जीवन, विचारों और उत्तराखंड राज्य आंदोलन में उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि बडोनी ने पृथक उत्तराखंड राज्य की मांग को जन-जन तक पहुँचाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। वे सत्य, अहिंसा और सादगी के प्रतीक थे, इसी कारण उन्हें “पर्वतीय गांधी” की उपाधि मिली। उनके विचार आज भी समाज और युवाओं को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रहे हैं।

अधिशासी अभियंता रेखा डंगवाल ने भी रखे विचार

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता रेखा डंगवाल ने भी स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी के जीवन संघर्ष, त्याग और उत्तराखंड की पहचान के लिए किए गए उनके योगदान को याद किया।

वरिष्ठ अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में निदेशक परियोजना सुरेश चंद्र बलूनी, निदेशक परिचालन ए.के. सिंह, अधिशासी निदेशक आशीष जैन एवं विवेक आत्रेय, महाप्रबंधक सी.पी. दिनकर, के.के. जायसवाल, संजय जोशी, भरत भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प

कार्यक्रम का संचालन अधिशासी अभियंता राकेश कुमार चौहान द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी के आदर्शों, विचारों और मूल्यों को अपने जीवन व कार्य में अपनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *