महिला सुरक्षा, स्मार्ट पुलिसिंग और सख्त कानून व्यवस्था के लिए मिली बड़ी जिम्मेदारी
देहरादून/टिहरी, 3 अप्रैल 2026। उत्तराखंड शासन के ताज़ा प्रशासनिक फेरबदल में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी श्वेता चौबे को टिहरी गढ़वाल का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह सेनानायक, IRB द्वितीय देहरादून के पद पर तैनात थीं। उनकी नियुक्ति को टिहरी जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
श्वेता चौबे।
श्वेता चौबे उत्तराखंड पुलिस की उन चुनिंदा तेजतर्रार अधिकारियों में गिनी जाती हैं, जिन्होंने अपने कार्यकाल में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और टेक्नोलॉजी आधारित स्मार्ट पुलिसिंग के जरिए अलग पहचान बनाई है। महिला सुरक्षा के लिए शुरू की गई उनकी “पिंक यूनिट” पहल को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली और इसके लिए उन्हें SKOCH Award 2024 से सम्मानित किया गया था।
उन्होंने इससे पहले पौड़ी, चमोली और देहरादून में एसपी सिटी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए कई सराहनीय कार्य किए। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और संवेदनशील पुलिसिंग के कारण जनता के बीच उनकी मजबूत छवि रही है।
टिहरी में उनकी तैनाती से उम्मीद की जा रही है कि जिले में महिला सुरक्षा, पर्यटन क्षेत्रों की सुरक्षा, चारधाम यात्रा रूट और पहाड़ी इलाकों में पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को और प्रभावी बनाया जाएगा।