मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को SOP बनाने और DGP को पुख्ता सुरक्षा इंतजाम के निर्देश दिए
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारी-कर्मचारियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री आवास में आज उत्तराखण्ड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से भेंट कर 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना समेत हाल के समय में विभिन्न स्थानों पर सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के साथ हुई घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग उठाई।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा को लेकर सदैव संवेदनशील और प्रतिबद्ध रही है।
मुख्य सचिव को SOP, DGP को सुरक्षा के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को फोन पर निर्देश दिए कि अधिकारी, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए शीघ्र SOP तैयार की जाए।
साथ ही उन्होंने पुलिस महानिदेशक (DGP) को निर्देशित किया कि सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं तथा इस प्रकार की घटनाओं पर त्वरित कानूनी कार्रवाई हो।
मुख्यमंत्री ने SSP देहरादून को भी शिक्षा निदेशालय में हुई घटना में शामिल दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह पंवार, उत्तराखण्ड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के अध्यक्ष श्री राम सिंह चौहान, महामंत्री श्री मुकेश बहुगुणा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।