स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के ‘हिमफेस्ट 2026’ का भव्य समापन

स्थापना दिवस समारोह में गूंजा विकसित भारत 2047 का संकल्प, चरित्र निर्माण और मूल्यपरक शिक्षा पर जोर

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। देहरादून स्थित स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय में आयोजित स्थापना दिवस समारोह ‘हिमफेस्ट 2026’ का भव्य समापन उत्साह, ऊर्जा और सांस्कृतिक रंगों के साथ हुआ। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल कुशल चिकित्सक ही नहीं, बल्कि संवेदनशील, संस्कारवान और उत्तरदायी नागरिकों का निर्माण कर रहा है। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए नैतिक मूल्यों से युक्त शिक्षा को अनिवार्य बताया तथा नई शिक्षा नीति को समयोचित और दूरदर्शी पहल कहा।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं छात्र-छात्राओं की सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद टैगोर, अशोक, आज़ाद एवं शिवाजी हाउस के विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन और समर्पण की छटा बिखेरी।

संस्थान की उपाध्यक्ष विदुषी निशंक ने स्वागत भाषण में कहा कि स्वर्णिम भारत के निर्माण के लिए स्वर्णिम चरित्र आवश्यक है। विशिष्ट अतिथि डोईवाला विधायक बृज भूषण गैरोला ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए चिकित्सा सेवा को मानवता की सेवा बताया।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने भारतीय ज्ञान परंपरा और आयुर्वेद को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए आधुनिक विज्ञान के साथ संतुलित समन्वय का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. बी. के. एस. संजय ने चरित्र निर्माण को शिक्षा का मूल उद्देश्य बताया।

प्रति कुलपति डॉ. राकेश सुंदरियाल ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में 11 फरवरी से आयोजित शैक्षणिक, खेल एवं क्विज़ प्रतियोगिताओं का रिकैप वीडियो प्रदर्शित किया गया तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों को भी विशेष सम्मान दिया गया।

इस अवसर पर राज्य मंत्री सुभाष वर्थवाल, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, अध्यक्ष प्रो. प्रदीप भारद्वाज, आर्यन देव उनियाल, पूर्व आयुष निदेशक पूजा भारद्वाज, पूर्व प्रति कुलपति डॉ. राजेश नैथानी, सचिव बालकृष्ण चमोली सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्राध्यापक और छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *