‘स्टॉप टीयर्स’ के जरिए जीआईसी देलचौरी को कंप्यूटर उपलब्ध कराएगा शिव दयाल एजुकेशन ट्रस्ट

:- डिजिटल शिक्षा और आर्थिक सहयोग से संवरेगा पहाड़ का भविष्य                      :-शिव दयाल एजुकेशन ट्रस्ट का ‘स्टॉप टीयर्स’ के जरिए सराहनीय कदम           :-जीआईसी देलचौरी, पौड़ी गढ़वाल के छात्रों के लिए कंप्यूटर उपलब्ध करा रहा ट्रस्ट

देहरादून/पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में शिव दयाल एजुकेशन ट्रस्ट, दिल्ली द्वारा एक सराहनीय पहल की जा रही है। ट्रस्ट, ‘स्टॉप टीयर्स’ एनजीओ के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल और आर्थिक सहयोग प्रदान कर रहा है, जिससे उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर मिल सकें।

स्टॉप टीयर्स के संस्थापक प्रमोद बमराड़ा ने जानकारी दी कि शिव दयाल एजुकेशन ट्रस्ट के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित हो रहा है। इसके तहत गवर्नमेंट इंटर कॉलेज, देलचौरी, पौड़ी गढ़वाल की मांग पर विद्यालय को कंप्यूटर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जुड़ने, कंप्यूटर ज्ञान प्राप्त करने और आधुनिक तकनीकी कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा।

केवल डिजिटल संसाधन ही नहीं, बल्कि ट्रस्ट प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को फीस और अन्य शैक्षणिक खर्चों के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान कर रहा है। इससे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पढ़ाई आर्थिक अभाव के कारण बाधित न हो, यह सुनिश्चित किया जा रहा है।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से समाज के वंचित वर्ग के बच्चों को सशक्त बनाना और उनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना है। शिव दयाल एजुकेशन ट्रस्ट और स्टॉप टीयर्स ने भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक और सामाजिक कार्यक्रम निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *