: 600 पंजीकृत सदस्यों की भागीदारी में शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न, नई कार्यकारिणी ने जनस्वास्थ्य और चिकित्सकों के हितों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया
ओम प्रकाश जोशी, देहरादून। देहरादून की प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्था इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की देहरादून इकाई के चुनाव शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हो गए, जिसमें वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. महेश कुड़ियाल को सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। यह उपलब्धि न केवल उनके लंबे चिकित्सा अनुभव और समर्पण का सम्मान है, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए भी गौरव का विषय मानी जा रही है।
आईएमए देहरादून इकाई के इस चुनाव में वर्किंग कमेटी के पदाधिकारियों के साथ 28 सामान्य सदस्यों का भी चयन किया गया। लगभग 600 पंजीकृत सदस्यों की सक्रिय भागीदारी के साथ सम्पन्न इस चुनाव प्रक्रिया की निगरानी चुनाव अधिकारी डॉ. किरण कुमार कालरा ने निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से की।
डॉ. महेश कुड़ियाल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि उत्तर भारत के प्रसिद्ध न्यूरो सर्जनों में गिने जाते हैं। उन्होंने CMI हॉस्पिटल, देहरादून में अपनी सेवाओं के दौरान दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से आए हजारों मरीजों की सफल न्यूरो सर्जरी कर उन्हें नया जीवन दिया। वर्तमान में वे हरिद्वार रोड स्थित अपने गैलेक्सी हॉस्पिटल के माध्यम से उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाएं दे रहे हैं।
नई कार्यकारिणी में प्रेसिडेंट इलेक्ट डॉ. प्रवीन जिंदल, वाइस प्रेसिडेंट डॉ. राजीव दीक्षित, मानद सचिव डॉ. अंकित परासर, कोषाध्यक्ष डॉ. राहुल अवस्थी और संयुक्त सचिव डॉ. सिद्धांत खन्ना को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अपने चयन पर डॉ. कुड़ियाल ने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि आईएमए आने वाले समय में सरकार और समाज के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करेगा। संगठन जनस्वास्थ्य सुधार, गरीबों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने और चिकित्सकों के अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।