त्वरित कार्रवाई और CPR से बचाई गई युवक की जान, एम्स किया गया रेफर
मोनाल एक्सप्रेस, ऋषिकेश। त्रिवेणी घाट पर गंगा स्नान के दौरान तेज बहाव में बह रहे एक युवक की जान पुलिस, जल पुलिस और आपदा राहत दल की तत्परता से बच गई। मंगलवार को गंगा जी में डूब रहे युवक को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकालकर मौके पर ही सीपीआर देकर पुनर्जीवित किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार 03 फरवरी 2026 को प्रांजल (उम्र लगभग 35 वर्ष), निवासी भनियावाला देहरादून, त्रिवेणी घाट पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान गंगा जी के तेज बहाव में वह संतुलन खो बैठा और बहते हुए डूबने लगा। घटना को देख घाट पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही त्रिवेणी घाट चौकी, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल के जवान मौके पर पहुंचे। आपसी समन्वय और आपदा राहत उपकरणों की सहायता से कड़ी मशक्कत करते हुए युवक को 72 सीढ़ी के पास गंगा जी के तेज बहाव से बाहर निकाला गया।
तेज धारा में काफी दूर तक बह जाने के कारण युवक की श्वास और धड़कन अत्यंत धीमी हो गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बचाव दल ने एम्बुलेंस के पहुंचने तक मौके पर ही सीपीआर देकर युवक को होश में लाया। इसके बाद उसे एम्बुलेंस से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।
पुलिस और राहत दल की इस त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई की मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने सराहना की।
बचाव दल में शामिल जवान:
का० हरीश कुमार – आपदा राहत दल, 40 बटालियन हरिद्वार
का० संतराम – आपदा राहत दल, 40 बटालियन हरिद्वार
का० अनिल कुमार – आपदा राहत दल, 40 बटालियन हरिद्वार