गैस आपूर्ति में कोताही पर्यटन और चारधाम यात्रा के लिए घातक: गणेश गोदियाल

ओम प्रकाश जोशी, देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य में रसोई गैस आपूर्ति को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से गैस की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। सोमवार को देहरादून के राजपुर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में राज्य में गैस की कोई कमी नहीं है तो सरकार को इस पर अपनी स्थिति स्पष्ट रूप से जनता के सामने रखनी चाहिए।

चारधाम यात्रा की अर्थव्यवस्था पर असर का आरोप

गोदियाल ने आरोप लगाया कि चारधाम यात्रा से जुड़े ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन बड़ी संख्या में निरस्त होने की खबरें बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, जिससे हजारों लोगों का रोजगार जुड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि यदि यात्रा सीजन के दौरान होटल व्यवसाय और पर्यटन से जुड़े प्रतिष्ठानों को समय पर गैस आपूर्ति नहीं मिलती है, तो इसका सीधा और व्यापक असर धार्मिक पर्यटन सहित पूरे राज्य की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

कुमाऊँ मंडल के पर्यटन कारोबार पर भी असर का दावा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कुमाऊँ मंडल में भी गैस आपूर्ति प्रभावित होने से पर्यटन गतिविधियों पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। उनका कहना है कि होटल, रेस्टोरेंट और अन्य पर्यटन सेवाओं को गैस उपलब्ध न होने से स्थानीय कारोबारियों के सामने संकट की स्थिति बन सकती है।

सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

गोदियाल ने राज्य सरकार से मांग की कि वह इस गंभीर विषय पर तत्काल संज्ञान लेते हुए गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे।

साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे के दौरान राज्य की जनता को यह भरोसा दिलाया जाना चाहिए कि घरेलू गैस एवं ईंधन की कोई कमी नहीं है और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *