सुभारती विश्वविद्यालय की डीन स्टूडेंट वेलफेयर को छात्र कल्याण और शैक्षणिक नवाचार के लिए मिला प्रतिष्ठित अलंकरण मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून, 21 फरवरी 2026।
उत्तराखंड के शैक्षणिक परिदृश्य के लिए गौरव का क्षण तब बना जब प्रो. नितिका कौशल, प्रोफेसर एवं डीन (स्टूडेंट वेलफेयर), Ras Bihari Bose Subharti University को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित ‘भारत श्री राष्ट्रीय रत्न पुरस्कार–2026’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान “Outstanding Contribution in Medical Education” श्रेणी में उनके प्रभावशाली, समर्पित और दूरदर्शी योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति के रूप में प्रदान किया गया।
यह भव्य समारोह 21 फरवरी 2026 को Uttarakhand Jal Vidyut Nigam Limited (यूजेवीएन), उज्ज्वल भवन, देहरादून में आयोजित किया गया। पुरस्कार Institute for Social Reforms and Higher Education Charitable Trust (ISRHE) द्वारा एक गरिमामय कार्यक्रम में प्रदान किया गया, जिसमें शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक सेवा एवं नीति निर्माण से जुड़े अनेक विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही।
समारोह में सुबोध उनियाल, वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री, उत्तराखंड सरकार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि सविता कपूर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इसके अतिरिक्त यूजेवीएन से संदीप सिंघल, अजय कुमार सिंह एवं सुरेश चंद्र बलूनी भी समारोह में उपस्थित रहे।
प्रो. कौशल ने अपने नेतृत्व में छात्र कल्याण, शैक्षणिक गुणवत्ता, व्यक्तित्व विकास और शोध उन्नयन के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहल की हैं। उनके मार्गदर्शन में संचालित कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व और अकादमिक उत्कृष्टता को नई दिशा दी है।
सम्मान ग्रहण करते हुए प्रो. कौशल ने कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता, परिवार, गुरुओं और विद्यार्थियों के विश्वास एवं सहयोग का परिणाम है। उन्होंने शिक्षा को सेवा और संस्कार का माध्यम बताते हुए राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती वंदना से हुआ तथा राष्ट्रगान के साथ समापन किया गया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अन्य विशिष्ट व्यक्तित्वों को भी सम्मानित किया गया।