निर्मल बाग से हरिद्वार रोड तक अवैध निर्माण सील, जीरो टॉलरेंस की दोहराई नीति
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून/ऋषिकेश, 16 फरवरी 2026। अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने ऋषिकेश क्षेत्र में व्यापक सीलिंग अभियान चलाया। प्राधिकरण टीम ने बिना स्वीकृत मानचित्र और नियमों के विरुद्ध किए जा रहे निर्माणों को चिन्हित कर निर्मल बाग ब्लॉक-बी, पशुलोक विस्थापित क्षेत्र तथा हरिद्वार रोड के आसपास कई भवनों को सील कर दिया। कार्रवाई पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
निर्मल बाग से हरिद्वार रोड तक कार्रवाई
गली नंबर 10, निर्मल बाग ब्लॉक-बी में अमर द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण को सील किया गया। गली नंबर 11, निर्मल ब्लॉक-बी पशुलोक विस्थापित क्षेत्र में सुमित मल्होत्रा एवं बाबा राम मोहन के निर्माण पर पूर्व चेतावनी के बावजूद कार्य जारी रखने पर पुनः सीलिंग की गई। इसी क्षेत्र में जय चौहान के निर्माण को भी दोबारा सील किया गया। निकट पुरानी चुंगी, हरिद्वार रोड पर आलोक एवं संजय गोयल द्वारा किए जा रहे निर्माण को भी बंद कराया गया।
अधिकारियों की मौजूदगी में सख्त कदम
कार्रवाई सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता पूनम सकलानी, सुपरवाइजर और पुलिस बल की उपस्थिति में की गई। अधिकारियों ने कहा कि अवैध निर्माण नगर नियोजन, यातायात और पर्यावरण संतुलन के लिए खतरा हैं।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं होंगे। नियमानुसार नोटिस और अवसर देने के बाद ही सीलिंग की जाती है। नियमों की अनदेखी पर कठोर कार्रवाई अनिवार्य है।
सचिव मोहन सिंह बर्निया का बयान
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। पूर्व में नोटिस दिए गए निर्माणों पर पुनः सख्त कदम उठाए गए हैं। भविष्य में भी नियम उल्लंघन पर सीलिंग, ध्वस्तीकरण और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।