मैंडखाल में बहुउद्देशीय शिविर: 56 शिकायतें दर्ज, कई का मौके पर समाधान

सीडीओ वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में लगा जिला प्रशासन का शिविर, स्वास्थ्य सेवाओं का ग्रामीणों ने उठाया लाभ            जिला प्रशासन की इस पहल को ब्लॉक प्रमुख सुरेन्द्र सिंह भंडारी ने सराहा

मोनाल एक्सप्रेस, नई टिहरी। राजकीय इंटर कॉलेज मैंडखाल परिसर में शनिवार को टिहरी गढ़वाल जिला प्रशासन की ओर से बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आईएएस वरुणा अग्रवाल ने की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

शिविर में करीब 56 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को शीघ्र कार्रवाई के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को भेजा गया। पूर्व सैनिक संगठन विकासखंड थौलधार टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष सूबेदार मेजर (सेवानिवृत्त) लखीराम उनियाल और कैप्टन (सेवानिवृत्त) अमोद जोशी ने बगोड़ी गांव में वर्षों से चली आ रही पानी की समस्या सीडीओ के समक्ष उठाई। इसका मौके पर कोई समाधान नहीं निकल पाया। इस पर सीडीओ ने कहा कि जल्द ही एसडीएम क्षेत्र में आएंगे। उनके सम्मुख यह मामला रखें। संबंधित गांव के ग्रामीणों के साथ बैठक इसका समाधान निकाला जा सकता है।

शिविर में पूर्व सैनिक संगठन, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, जल संस्थान, जल निगम सहित अनेक विभागों एवं संगठनों की स्टॉल लगाई गईं। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, जिसका उन्होंने लाभ उठाया।

शिविर में सबसे अधिक भीड़ स्वास्थ्य विभाग की स्टॉल पर देखने को मिली। यहां ग्रामीणों ने निःशुल्क बीपी, शुगर और आंखों की जांच करवाई। इसके साथ ही एक्स-रे की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। कई लोगों के आंखों के चश्मे भी बनाए गए, जो तैयार होने के बाद उन्हें उपलब्ध कराए जाएंगे। रोगियों को आवश्यक दवाएं भी मुफ्त वितरित की गईं।

शिविर का एक प्रमुख आकर्षण राजकीय इंटर कॉलेज मैंडखाल के छात्रों द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी रही। छात्रों ने विज्ञान से संबंधित विभिन्न मॉडल और उपकरण तैयार किए थे, जिन्हें देखने और उनके बारे में जानकारी लेने के लिए ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सुरेन्द्र सिंह भंडारी, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत, कैप्टन (सेवानिवृत्त) अमोद जोशी, पूर्व सैनिक संगठन विकासखंड थौलधार टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष सूबेदार मेजर (सेवानिवृत्त) लखीराम उनियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य महावीर सेनवाल, ओम प्रकाश जोशी, वरिष्ठ विरेंद्र दत्त बधानी और विभिन्न विभागों के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। जिला प्रशासन की इस पहल को ब्लॉक प्रमुख सुरेन्द्र सिंह भंडारी ने सराहा और इसे जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *