सीसीटीवी, बायोमैट्रिक उपस्थिति, अतिरिक्त सुरक्षा और कंक्रीट निर्माण पर रोक
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सिटी फॉरेस्ट पार्क में हुई समीक्षा बैठक
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून, (12 जनवरी) :-मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सिटी फॉरेस्ट पार्क को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यावरण–अनुकूल बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। सोमवार को सिटी फॉरेस्ट पार्क परिसर में उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में पार्क की सुरक्षा, प्रबंधन और संरक्षण को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक का उद्देश्य सिटी फॉरेस्ट पार्क को आम नागरिकों, पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाना रहा। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट कहा कि सिटी फॉरेस्ट पार्क देहरादून की महत्वपूर्ण पर्यावरणीय धरोहर है और इसका संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कर्मचारियों की पहचान और उपस्थिति होगी अनिवार्य
पार्क में कार्यरत सभी कर्मचारियों के लिए अब आई-कार्ड अनिवार्य किया जाएगा। इसके साथ ही बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू की जाएगी, जिससे कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। इस संबंध में आईटी अनुभाग को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पार्क में सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
बैठक में पार्क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष जोर दिया गया। पार्किंग क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों और पार्क के भीतर अतिरिक्त माली तैनात किए जाएंगे। रात्रि के समय भी सुरक्षा कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती अनिवार्य की गई है।
पार्क के अंतिम छोर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वहां सुरक्षा कर्मियों के लिए सिक्योरिटी हट का निर्माण किया जाएगा।
360 डिग्री सीसीटीवी और बेहतर प्रकाश व्यवस्था
पूरे सिटी फॉरेस्ट पार्क क्षेत्र में 360 डिग्री सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा सके। सीसीटीवी इंस्टॉलेशन का कार्य आईटी अनुभाग द्वारा शीघ्र पूरा किया जाएगा।
इसके साथ ही पार्क में रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अभियंत्रण अनुभाग को दिए गए हैं।
आपातकालीन और अग्निशमन व्यवस्थाओं पर भी फोकस
पार्क परिसर में सभी आवश्यक आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त अग्निशमन व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
कंक्रीट निर्माण पर पूर्ण रोक, संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में सिटी फॉरेस्ट पार्क के भीतर किसी भी प्रकार का सिविल या कंक्रीट निर्माण नहीं किया जाएगा। यह निर्णय पार्क के प्राकृतिक स्वरूप और जैव विविधता को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रशासनिक व्यवस्था में भी सुधार
पार्क से संबंधित स्टॉक रजिस्टर को व्यवस्थित और अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए। इससे संसाधनों के उपयोग और रख-रखाव में पारदर्शिता आएगी। सभी निर्देशों के समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन के आदेश संबंधित अनुभागों को दिए गए हैं।
क्या बोले उपाध्यक्ष एमडीडीए, बंशीधर तिवारी
बंशीधर तिवारी ने कहा कि सिटी फॉरेस्ट पार्क देहरादून की महत्वपूर्ण पर्यावरणीय धरोहर है। पार्क को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यावरण–अनुकूल बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। सीसीटीवी, प्रकाश व्यवस्था, बायोमैट्रिक उपस्थिति और अतिरिक्त सुरक्षा तैनाती से पार्क प्रबंधन में पारदर्शिता और अनुशासन आएगा।
बोले सचिव एमडीडीए, मोहन सिंह बर्निया
मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि सिटी फॉरेस्ट पार्क को लेकर दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। कर्मचारियों की पहचान, उपस्थिति प्रणाली और सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करना एमडीडीए की प्राथमिकता है।