: यूजेवीएनएल के एमडी अजय कुमार सिंह का औचक निरीक्षण, आरएमयू कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी; मशीन नंबर-4 का काम 20 अप्रैल तक पूरा करने के निर्देश
ओम प्रकाश जोशी, देहरादून, 5 अप्रैल। यूजेवीएन लिमिटेड के नवनियुक्त प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कार्यभार संभालते ही परियोजनाओं की मॉनिटरिंग तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को उन्होंने चीला विद्युत गृह का औचक निरीक्षण किया, जहां कई अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर एमडी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे गंभीर लापरवाही माना और स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता (अनुरक्षण) भी एमडी के दौरे की सूचना मिलने के बाद ही कार्यस्थल पर पहुंचे, जबकि परियोजना के उपमहाप्रबंधक अपने मुख्यालय चीला से अनुपस्थित पाए गए। इसके अलावा बीएचईएल के अभियंताओं की संख्या भी अपेक्षा से कम मिली, जिस पर एमडी ने गहरी असंतुष्टि व्यक्त की।
विद्युत गृह में चल रहे आरएमयू कार्यों की धीमी प्रगति पर एमडी अजय कुमार सिंह ने यूजेवीएनएल और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने मशीन संख्या-4 से जुड़े कार्यों को हर हाल में 20 अप्रैल 2026 तक पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
कार्य में तेजी लाने के लिए एमडी ने तत्काल प्रभाव से मैनपावर बढ़ाने और सप्ताह के सातों दिन काम संचालित करने के आदेश दिए। साथ ही अपने मुख्यालय चीला से अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने और उन्हें कड़ी चेतावनी जारी करने के निर्देश भी दिए।
एमडी की इस सख्त कार्रवाई को निगम की सभी निर्माणाधीन और परिचालन परियोजनाओं के अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए स्पष्ट संदेश और अनुशासनात्मक चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।