22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट, चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। महाशिवरात्रि पर्व पर रविवार को ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विधि-विधान से कपाट खुलने की तिथि घोषित की गई।

मंदिर समिति के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी वाईएस पुष्पवाण ने बताया कि पंचकेदार गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर को महाशिवरात्रि के अवसर पर भव्य रूप से सजाया गया। धार्मिक अनुष्ठानों और पंचांग गणना के बाद 22 अप्रैल की तिथि तय की गई।

चारधाम यात्रा के अंतर्गत गंगोत्री धाम व यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खोले जाएंगे, जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे।

चारधाम यात्रा न केवल भारत बल्कि विश्वभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है। हर वर्ष लाखों भक्त हिमालय की पावन वादियों में स्थित इन धामों के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। कपाट खुलने की तिथियों की घोषणा के साथ ही यात्रा की तैयारियां भी तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *