डीम बंसल का जनदर्शन बना जनविश्वास का मंच: 191 फरियादियों की सुनवाई, शिक्षा–सुरक्षा–सहायता पर त्वरित एक्शन

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून, 23 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन का जनता दर्शन/जनसुनवाई कार्यक्रम आमजन के लिए भरोसे का सशक्त मंच बनता जा रहा है। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जनदर्शन में कुल 191 शिकायतें एवं समस्याएं प्रस्तुत की गईं।

भूमि विवाद, सीमांकन, अवैध कब्जा, आपसी विवाद, आर्थिक सहायता, रोजगार, शिक्षा और नगर निगम से जुड़ी समस्याओं को जिलाधिकारी ने गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।

शिक्षा और संवेदनशील मामलों में त्वरित राहत

🔹 विधवा सुनीता शर्मा का प्रकरण

नालापानी चौक निवासी वृद्धा ने संपत्ति विवाद और पुत्र–पुत्रवधू द्वारा उत्पीड़न की शिकायत की। डीएम ने एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के अंतर्गत वाद दायर कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

🔹 नंदिता की पढ़ाई रहेगी जारी

धर्मपुर निवासी पिंकी सैनी ने आर्थिक अभाव में बेटी की फीस जमा न कर पाने की बात कही। डीएम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को जांच कर ‘प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा’ के अंतर्गत सहायता स्वीकृत कराने के निर्देश दिए।

🔹 तीन बच्चों का टीसी तुरंत जारी होगा

चन्द्रबनी निवासी बविता सिंह के तीन बच्चों का टीसी शुल्क न जमा होने के कारण रोका गया था। डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को तत्काल टीसी दिलाने और निकटवर्ती राजकीय विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

🔹 एसजीआरआर विद्यालय का मामला

विन्दाल निवासी अलीशा खत्री के पुत्र को आठ माह की फीस लंबित होने के कारण परीक्षा से रोका जा रहा था। डीएम ने शुल्क विवरणी उपलब्ध कराने और पढ़ाई निर्बाध जारी रखने हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

आर्थिक राहत और बुनियादी सुविधाएं

🔹 जल कर माफी का प्रकरण अग्रसारित

प्रतीपनगर निवासी अनीता देवी की जल कर माफी की मांग को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के अंतर्गत आर्थिक सहायता हेतु अग्रसारित किया गया।

🔹 जल संयोजन बहाली के निर्देश

विकासनगर निवासी रूपा गुप्ता के मामले में, न्यायालय के यथास्थिति आदेश के बावजूद जल संयोजन काटे जाने पर डीएम ने अधिशासी अभियंता को तत्काल बहाली और विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

विकास कार्यों में देरी पर सख्ती

🔹 क्यारा-धनोल्टी मोटर मार्ग

लगभग 15 गांव सड़क सुविधा से वंचित हैं। डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से विस्तृत रिपोर्ट तलब की।

🔹 पंचायत घर क्यारा में आंगनबाड़ी भवन निर्माण

आवश्यक जांच उपरांत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

🔹 राजकीय इंटर कॉलेज काण्डोई भरम में पेयजल समस्या

मुख्य विकास अधिकारी को जल संस्थान के माध्यम से शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश।

वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं पर भी गंभीरता

🔹 75 वर्षीय हरीश सिंह (इन्द्रलोक कॉलोनी)

सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत पर तहसीलदार को तत्काल जांच के निर्देश।

🔹 92 वर्षीय चंचल सिंह (प्रेमनगर)

भूमि दाखिल-खारिज न होने के मामले में शीघ्र रिपोर्ट देने को कहा गया।

🔹 टिहरी बांध परियोजना पुनर्वास प्रकरण

बंजरावाला व देहरादून में आवंटित कृषि भूखंड संख्या 23 एवं 24 की पैमाइश के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश।

अधिकारियों को सख्त निर्देश

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम स्मृता परमार, एसडीएम अपर्णा ढौडियाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *