रायवाला थाना क्षेत्र में मोतीचूर फ्लाईओवर के ऊपर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में उत्तराखण्ड रोडवेज बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली और कई अन्य वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद एक स्कॉर्पियो एन कार में आग लग गई, जिससे आसपास के अन्य वाहन भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। इस दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार 8 मार्च 2026 को रात करीब 9:18 बजे 112 के माध्यम से कोतवाली रायवाला को सूचना मिली कि होटल गॉडविन के सामने मोतीचूर फ्लाईओवर पर रायवाला से हरिद्वार की ओर जा रही उत्तराखण्ड रोडवेज बस (UK04 PA1678) और ट्रैक्टर-ट्रॉली (स्वराज-735) की जोरदार टक्कर हो गई है। इसी दौरान पीछे से आ रही स्कॉर्पियो-एन दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई, जिससे उसमें आग लग गई।
संभावना जताई जा रही है कि स्कॉर्पियो के सीएनजी सिलेंडर में ब्लास्ट होने के कारण आग भड़क गई और पास में खड़े अन्य वाहन—ट्रोला (HR46 E0605) और XUV300 (UK07 HC 5084)—भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में कुसुम (30 वर्ष), पत्नी सचिन, निवासी भोगपुर नजीबाबाद, जिला बिजनौर ट्रोले के टायरों के नीचे आ जाने से मौके पर ही मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रथम, क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश और प्रभारी निरीक्षक रायवाला पुलिस बल और दमकल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों में लगी आग पर काबू पाया। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग देहरादून के प्रसिद्ध झंडा मेला से अपने घर बिजनौर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
🚑 घायल व्यक्तियों की जानकारी
कासिफ (23) – कांधला शामली, ट्रोला चालक
सुभाष (40) – नागंल सुक्ति, बिजनौर
विक्की (28) – भोगपुर नजीबाबाद
आरव (06) – भोगपुर नजीबाबाद
लवी (19) – रानी कोटा रायपुर, नजीबाबाद
नीतू (35) – उपरोक्त
सोनिया (12) – भोगपुर नजीबाबाद
अंशिका (06) – भोगपुर नजीबाबाद
दिव्यांशु (08) – भोगपुर नजीबाबाद
अनमोल (25) – मनाली, धामपुर
सोनाक्षी (09) – भोगपुर नजीबाबाद
हर्ष (07) – निरंजनपुर, बिजनौर
वंशिका (19) – भोगपुर नजीबाबाद
सिमरन (16) – भोगपुर नजीबाबाद
गुलशन (11) – तितीसोता, बिजनौर
सभी घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से हरमिलाप अस्पताल, हरिद्वार में भर्ती कराया गया है।