उत्तरकाशी में भालुओं का बढ़ता आतंक, बड़कोट में महिला पर जानलेवा हमला

गंभीर घायल महिला देहरादून रेफर, यमुनोत्री हाईवे व गांवों में भालुओं की चहलकदमी से दहशत

देहरादून। उत्तरकाशी जिले के बड़कोट क्षेत्र में मंगलवार को एक महिला पर भालू ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च उपचार केंद्र देहरादून रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, अमरा देवी (पत्नी गजेंद्र सिंह), निवासी नोनीयाली तोक, बड़कोट गांव, रवांई रेंज (अपर वन प्रभाग बड़कोट) के अंतर्गत अपनी छानी में पशुओं के लिए चारा देने गई थीं। इसी दौरान अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर भालू को भगाया और महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट पहुंचाया।

सीएचसी प्रभारी डॉक्टर अंगद सिंह राणा के अनुसार, महिला के सिर में गहरी चोटें आई हैं और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए देहरादून रेफर किया गया। यमुना वन प्रभाग के एसडीओ साधू लाल ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर वन विभाग द्वारा वाहन की व्यवस्था कर उपचार में सहयोग किया जाएगा।

इधर, यमुनोत्री हाईवे के नगर पालिका क्षेत्र में दुबाटा और चौंदारी तोक में सुबह तीन भालुओं को घूमते देखा गया, जिससे स्थानीय लोगों में भय व्याप्त है। इससे पहले भटवाड़ी के मल्ला गांव में भालू अपने दो शावकों के साथ घर में घुस गया था, जिसकी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी।

ग्रामीणों ने वन विभाग से भालुओं को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने और त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि भालुओं की सक्रियता के चलते वे जंगलों में चारा लेने तक नहीं जा पा रहे हैं, जिससे उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में बढ़ती भालू हमलों की घटनाओं ने वन विभाग की चुनौती बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *