टीम कप्तान डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत बोले– अंतरराष्ट्रीय मंच पर खेलना रहा यादगार अनुभव
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। उत्तराखंड के चार खिलाड़ियों ने आबू दाबी (संयुक्त अरब अमीरात) में आयोजित 50 प्लस खेलो मास्टर्स वर्ल्ड (फुटबाल) गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन किया। टीम के कप्तान डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत ने यह जानकारी दी।
खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन ऑफ इंडिया के महासचिव श्री शैलेन्द्र सिंह (पूर्व इंटरनेशनल हॉकी खिलाड़ी) के नेतृत्व में 62 खिलाड़ियों का विभिन्न खेलों का दल 6 फरवरी से 15 फरवरी तक आयोजित इंटरनेशनल मास्टर्स ओपन (फुटबाल) स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में शामिल हुआ।
7 फरवरी को 50 प्लस इंडिया टीम ने वियतनाम के खिलाफ पहला लीग मैच खेला, जिसमें वियतनाम ने 3-1 से जीत दर्ज की। भारत की ओर से एकमात्र गोल टीम कप्तान डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत ने 65वें मिनट में किया।
8 फरवरी को संयुक्त अरब अमीरात (आबू दाबी) के साथ दूसरा लीग मैच 1-1 से बराबरी पर रहा। अंतिम समय 89वें मिनट में दिल्ली के आशिफ अली ने डॉ. रावत के बेहतरीन पास पर गोल दागा।
10 फरवरी को तीसरा लीग मैच इराक के खिलाफ खेला गया, जिसमें भारत को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। मैच के तीसरे ही मिनट में गोपाल रावत के पास पर डॉ. रावत ने गोल कर भारत को बढ़त दिलाई।
प्रतियोगिता में लगभग 100 देशों के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में भाग लिया। भारतीय टीम को सहभागिता और बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया गया। डॉ. रावत ने कहा कि 50 प्लस आयु वर्ग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलना नया अनुभव रहा और विदेशी खिलाड़ियों के साथ अनुभव साझा करने का अवसर मिला।
उत्तराखंड से डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत (50 प्लस टीम कप्तान), आशिफ अली, गोपाल रावत और विमल सिंह रावत ने पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया।
डॉ. रावत ने बताया कि 20 से 22 मार्च तक खेलो मास्टर्स गेम्स नेशनल 2026 का आयोजन चंडीगढ़ के सेक्टर-42 नेशनल स्टेडियम में होगा। खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन ऑफ उत्तराखंड के महासचिव डॉ. रावत विदेश से लौटते ही तैयारियों में जुट गए हैं। 20 फरवरी से विभिन्न खेलों के कैंप शुरू होंगे। इच्छुक खिलाड़ी 9319895526 पर संपर्क कर सकते हैं।