अंगीठी की गैस से एक ही परिवार के चार सदस्य बेहोश, पुलिस की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी

बागेश्वर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दाड़िमठौक गांव में घर के भीतर रखी अंगीठी की गैस लगने से एक ही परिवार के चार सदस्य बेहोश हो गए। प्रभावितों में एक दो वर्षीय बच्ची भी शामिल है। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है।

घटना का समय रहते पता चल जाने से एक बड़ी अनहोनी टल गई। बताया गया कि शुक्रवार सुबह दूध लेने आई एक महिला ने घर के भीतर सभी को अचेत अवस्था में देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना दी गई।

कोतवाल अनिल उपाध्याय ने बताया कि शुक्रवार सुबह 112 आपात सेवा पर गुनाकोट ग्राम पंचायत के तेवाड़ीगांव, दाड़िमठौक तोक से गैस लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही 112 और पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। साथ ही 108 एंबुलेंस सेवा को भी मौके पर भेजा गया।

मौके पर पहुंचकर गैस से प्रभावित
नवीन चंद्र तिवारी (62) पुत्र गंगादत्त तिवारी,
उनकी पत्नी विमला तिवारी (55),
बहू बबीता तिवारी (24) पत्नी योगेश तिवारी
और पोती काव्या (02)

को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

जिला अस्पताल में तैनात फिजिशियन डॉ. चंद्र मोहन सिंह भैसोड़ा ने बताया कि अंगीठी की गैस के कारण चारों की हालत गंभीर हो गई थी, लेकिन समय पर इलाज मिलने से अब सभी की सेहत में सुधार है और स्थिति नियंत्रण में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *