ऊर्जा क्षेत्र में सतत लाभ, तकनीकी उन्नयन और वित्तीय मजबूती के लिए मिला प्रतिष्ठित सम्मान यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हैं डॉ संदीप सिंघल मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. संदीप सिंघल, प्रबंध निदेशक, यूजेवीएन लिमिटेड को प्रतिष्ठित “उत्तराखंड ऊर्जा रत्न पुरस्कार 2025-26” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान इंडियन सोसाइटी फॉर ट्रेनिंग एंड डेवलपमेंट (ISTD) के देहरादून चैप्टर द्वारा आयोजित “Transforming Work and Workforce Expectations: The New People Agenda” विषयक कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदान किया गया।
डॉ. सिंघल को यह पुरस्कार यूजेवीएन लिमिटेड को ऊर्जा क्षेत्र में सतत लाभ अर्जित करने वाले सुदृढ़ निगम के रूप में स्थापित करने तथा प्रदेश की ऊर्जा क्षमता में वृद्धि के लिए उनके प्रभावी नेतृत्व के तहत किए गए प्रयासों के लिए दिया गया। उनके मार्गदर्शन में निगम ने वित्तीय मजबूती हासिल करने के साथ तकनीकी उन्नयन और उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
यूजेवीएन लिमिटेड लगातार कई वर्षों से राज्य सरकार को पूंजी निवेश पर लाभांश प्रदान कर रहा है, जो इसकी सुदृढ़ वित्तीय स्थिति का प्रमाण है।
इस अवसर पर ISTD के राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल शाह, उपाध्यक्ष (उत्तर क्षेत्र) अंकिता शर्मा सूरी, देहरादून चैप्टर अध्यक्ष अनूप कुमार, सचिव राजेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वक्ताओं ने डॉ. सिंघल के नेतृत्व को ऊर्जा क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्टता का प्रतीक बताया।
सम्मान ग्रहण करते हुए डॉ. सिंघल ने इसे अपनी पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया और भविष्य में भी प्रदेश व देश के ऊर्जा क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्धता दोहराई।