:- 82 वर्षीय दिव्यांग का ₹31,657 पानी बिल माफ, 2023 से न्याय को भटक रही मां को मिला सहारा, बेटियों की पढ़ाई से लेकर सरकारी नहर क्षति तक हर मामले में डीएम के सख्त निर्देश
ओम प्रकाश जोशी, देहरादून, 06 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री की प्रेरणा से जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम एक बार फिर त्वरित समाधान और संवेदनशील प्रशासन का प्रभावी मंच बनकर उभरा। सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में 212 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर जिलाधिकारी ने अपनी कोर टीम के साथ सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।
जनता दर्शन में सबसे मार्मिक मामला छबीलबाग कांवली रोड निवासी 82 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग नत्थीलाल का रहा। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र पिछले 12-13 वर्षों से लापता है और दो पोतों की जिम्मेदारी उन्हीं पर है। ऐसे में घर का ₹31,657 का पानी बिल उनके लिए बड़ी परेशानी बन गया था। जिलाधिकारी के निर्देश पर जल संस्थान ने रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए ₹11,487 ब्याज राशि माफ की तथा वन टाइम सेटलमेंट के बाद शेष ₹20,170 जिला प्रशासन द्वारा राइफल फंड से जल संस्थान के खाते में जमा कराने की कार्यवाही शुरू कर दी गई।
इसी तरह विकासनगर निवासी मीना बंसल ने वर्ष 2023 में डिक्शन होटल में दुर्घटना के बाद उपचार के दौरान पुत्र की मृत्यु के बावजूद मुआवजा न मिलने की पीड़ा जिलाधिकारी के सामने रखी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने सहायक श्रम आयुक्त (एएलसी) को नियोक्ता फर्म के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने, लेबर कोर्ट में वाद दायर करने और 02 माह के भीतर प्रकरण निस्तारित करने के निर्देश दिए।
ऋषिकेश निवासी बुजुर्ग दंपति नीलम अरोड़ा और उनके पति ने अपनी पुत्रवधु पर मारपीट, प्रताड़ना, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने इस प्रकरण में एसडीएम कोर्ट ऋषिकेश में भरण-पोषण एक्ट के तहत वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए।
धर्मपुर निवासी रोशनी रावत ने आर्थिक तंगी के कारण अपनी 02 पुत्रियों की शिक्षा-दीक्षा और लालन-पालन में आ रही कठिनाइयों से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने तुरंत प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा के माध्यम से दोनों पुत्रियों की शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं हर्रावाला निवासी बाबूराम मौर्य ने शिकायत की कि उनकी भूमि से सटी लघु सिंचाई विभाग की सरकारी नहर को कुछ व्यक्तियों ने जेसीबी से क्षतिग्रस्त कर बंद कर दिया, जिससे गेहूं की फसल सूखने की स्थिति में है। जिलाधिकारी ने मामले में अपर जिलाधिकारी, एसडीएम डोईवाला और अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई विभाग को तत्काल जांच कर रिपोर्ट देने तथा दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकजीत सिंह, उप नगर आयुक्त संतोष पाण्डेय, उप जिलाधिकारी मुख्यालय कुमकुम जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी के संवेदनशील, त्वरित और परिणामकारी निस्तारण से जनता में प्रशासन के प्रति भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है, जिसका प्रमाण जनता दर्शन में लगातार बढ़ती शिकायतों और बड़ी संख्या में पहुंच रहे फरियादियों से साफ देखा जा सकता है।