गैस वितरण में अनियमितता पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, हीरा गैस सर्विस के 14 हजार कनेक्शन ट्रांसफर
उपभोक्ताओं को राहत: अनिल इंडेन और आर्केडिया इंडेन गैस सर्विस को सौंपे गए कनेक्शन, LPG आपूर्ति पर कड़ी निगरानी शुरू
ओम प्रकाश जोशी, देहरादून, 03 अप्रैल 2026। जनपद में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मैसर्स हीरा गैस सर्विस के सभी लगभग 14 हजार गैस कनेक्शनों को निकटवर्ती एजेंसियों में स्थानांतरित कर दिया है। यह कदम लंबे समय से मिल रही वितरण संबंधी शिकायतों और जांच में अनियमितताएं पाए जाने के बाद उठाया गया।
जिलाधिकारी सविन बंसल के संज्ञान में एजेंसी के खिलाफ लगातार शिकायतें आ रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई गई, जिसमें गैस वितरण में अनियमितताओं की पुष्टि हुई। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, संबंधित एजेंसी के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमा दर्ज किया जा चुका था, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसे प्राथमिकता देते हुए हीरा गैस सर्विस के सभी कनेक्शन अनिल इंडेन गैस सर्विस और आर्केडिया इंडेन गैस सर्विस में ट्रांसफर कर दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कालाबाजारी रोकने और 100% होम डिलीवरी के लिए QRT टीम सक्रिय
क्षेत्रवार निरीक्षण में मांग, आपूर्ति और स्टॉक की मॉनिटरिंग, कंट्रोल रूम में 15 शिकायतें दर्ज
एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में क्षेत्रवार क्यूआरटी (QRT) टीमों का गठन किया गया है। टीमों ने शुक्रवार को विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर मांग, आपूर्ति, स्टॉक और डिलीवरी व्यवस्था का जायजा लिया।
जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी 15 शिकायतें दर्ज की गईं। कंट्रोल रूम में मौजूद जिला खाद्य पूर्ति विभाग द्वारा सभी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, जिले में शुक्रवार को 17,527 घरेलू उपभोक्ताओं और 970 व्यवसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वर्तमान में जिले में 35,167 घरेलू और 3,642 व्यवसायिक सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। प्रशासन ने बताया कि घरेलू के साथ-साथ व्यवसायिक एलपीजी सिलेंडरों की लोडिंग भी लगातार बढ़ाई जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में गैस वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।