डीएम सविन बंसल के निर्देश पर क्यूआरटी की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 20 शिकायतों पर तत्काल रिस्पॉन्स
एलपीजी आपूर्ति पर जिला प्रशासन की पैनी नजर, 15,987 घरेलू उपभोक्ताओं तक पहुंची गैस
ओम प्रकाश जोशी, देहरादून, 04 अप्रैल। जिलाधिकारी सविन बंसल के सख्त निर्देशों के बाद जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) ने शनिवार को डोईवाला और विकासनगर क्षेत्र के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी करते हुए 09 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए।
प्रशासन की ओर से जनपदभर में गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे और आम उपभोक्ताओं को सुचारु आपूर्ति मिलती रहे।
इसी कड़ी में जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने शहर क्षेत्र की कई गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। बडोवाला स्थित बालाजी रिटेल आउटलेट का भी जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान हीरा गैस एजेंसी से अन्य एजेंसियों में कनेक्शन ट्रांसफर की प्रक्रिया को लेकर आईओसीएल अधिकारियों से विस्तृत वार्ता की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी ने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं की संख्या के अनुरूप पर्याप्त एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे किसी भी उपभोक्ता को परेशानी न हो।
डीएम सविन बंसल ने स्पष्ट कहा कि गैस की कालाबाजारी, अवैध स्टॉकिंग और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसमें लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिले में क्षेत्रवार क्यूआरटी टीमें सक्रिय हैं। टीमों ने आज गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर मांग, आपूर्ति और स्टॉक की स्थिति का आकलन किया।
जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर एलपीजी आपूर्ति से संबंधित 20 शिकायतें दर्ज हुईं, जिन पर खाद्य एवं पूर्ति विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार शनिवार को जिले में 15,987 से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं और 874 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए। वहीं जिले में 30,492 घरेलू और 4,283 व्यावसायिक सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। प्रशासन ने बताया कि मांग को देखते हुए घरेलू के साथ व्यावसायिक सिलेंडरों की उपलब्धता भी लगातार बढ़ाई जा रही है।