आरटीई बिल भुगतान में 1 लाख की रिश्वत लेते उपशिक्षा अधिकारी समेत महिला रंगे हाथ गिरफ्तार

सतर्कता देहरादून की ट्रैप टीम की बड़ी कार्रवाई, डोईवाला शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून, 1 अप्रैल 2026। थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून पर पंजीकृत मु0अ0सं0-7/2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत सतर्कता विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उपशिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खण्ड शिक्षा अधिकारी डोईवाला धनवीर सिंह बिष्ट को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने आज दिनांक 01.04.2026 को यह कार्रवाई करते हुए अभियुक्त धनवीर सिंह बिष्ट पुत्र गिन्दू सिंह, हाल तैनाती उप शिक्षा अधिकारी, प्रभारी खण्ड शिक्षा अधिकारी, डोईवाला, जनपद देहरादून, तथा अभियुक्ता पुष्पांजलि पत्नी श्री पंकज शर्मा, निवासी लेन नम्बर 5, डालनवाला, देहरादून, हाल स्वामी उत्तरांचल मार्डन स्कूल, गुमानीवाला ऋषिकेश, जनपद देहरादून को गिरफ्तार किया।

आरटीई प्रतिपूर्ति बिल के भुगतान के बदले मांगी गई थी रिश्वत

बताया गया कि शिकायतकर्ता से उनके गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल, ऋषिकेश में शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के अंतर्गत अध्ययनरत छात्रों की प्रतिपूर्ति के बिल के भुगतान के एवज में 1,00,000 रुपये की उत्कोच धनराशि मांगी गई थी।

ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को शिकायतकर्ता से 1,00,000 रुपये की रिश्वत राशि ग्रहण करते समय रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार पर सतर्कता की सख्त नजर

इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग, खासतौर पर डोईवाला और ऋषिकेश क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है। सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई को सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार पर नकेल कसने की दिशा में बड़ी पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *