: देहरादून राजपुर फायरिंग केस का 24 घंटे में खुलासा, 4 गिरफ्तार; बार विवाद से शुरू हुआ खूनी पीछा : बार में बिल कम कराने के झगड़े ने ली 74 वर्षीय मॉर्निंग वॉकर की जान, रोड रेज का दिया गया था झूठा एंगल
: ZEN-Z बार सील, लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजी गई; 2 तमंचे, 4 जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट स्कॉर्पियो बरामद
देहरादून, 30 मार्च 2026। राजपुर क्षेत्र के जोहड़ी गांव में हुई सनसनीखेज फायरिंग और 74 वर्षीय मॉर्निंग वॉकर सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की मौत के मामले में दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा करते हुए दोनों पक्षों के 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि जिस घटना को शुरुआती तौर पर रोड रेज दिखाने की कोशिश की गई, उसकी जड़ एक दिन पहले ZEN-Z बार में बिल कम कराने को लेकर हुआ विवाद था।
पुलिस के अनुसार 29 मार्च की रात कुठालगेट स्थित ZEN-Z बार में आए कुछ युवकों और बार कर्मियों के बीच बिल कम कराने को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर बार कर्मियों ने दूसरे पक्ष की स्कार्पियो-N का पिछला शीशा तोड़ दिया, जिसके बाद युवकों ने देख लेने की धमकी दी थी।
अगली सुबह जब बार कर्मी बार मालिक की फॉर्च्यूनर कार से बार की ओर जा रहे थे, तभी दूसरे पक्ष ने उन्हें देख लिया और अपनी स्कॉर्पियो से पीछा शुरू कर दिया। मालसी से जोहड़ी गांव तक चले इस हाई-वोल्टेज पीछा और रोकने के प्रयास के दौरान दोनों पक्षों के बीच आपसी फायरिंग हुई। इसी दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले 74 वर्षीय मुकेश कुमार जोशी को गोली लग गई। उन्हें तत्काल मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर वाहन जोहड़ी गांव के पास राजकीय प्राथमिक विद्यालय के नजदीक पेड़ से टकरा गया, जिसके बाद स्कॉर्पियो सवार युवकों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से फॉर्च्यूनर सवारों के साथ मारपीट की। घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार मौके से फरार हो गए।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, पूछताछ और सघन चेकिंग अभियान के जरिए पूरे मामले का खुलासा किया। पूछताछ में सामने आया कि फॉर्च्यूनर सवार रोहित कुमार और मौ0 अखलाक ने भी जवाबी फायरिंग की थी। दोनों ने बाद में पुलिस को रोड रेज की झूठी कहानी बताने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ में पूरा मामला खुल गया।
पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर जोहड़ी गांव की झाड़ियों से 02 देसी तमंचे 315 बोर, 04 जिंदा कारतूस और 02 खोखा कारतूस बरामद किए। साथ ही घटना में हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में ZEN-Z बार के संचालक संदीप कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बार को बंद कर सील कर दिया है तथा लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
इसी मामले में स्कॉर्पियो पक्ष के आदित्य चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके अन्य साथी शान्तनु त्यागी, कविश त्यागी, समीर चौधरी और वैभव अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 60/26 में पहले दर्ज धारा 103(1) बीएनएस के साथ अब धारा 3/5/125 बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है।