प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर देहरादून अलर्ट, जिलाधिकारी ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

एक्सप्रेस-वे लोकार्पण से पहले मार्ग, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को समयबद्ध पूरा करने पर जोर

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून, 28 मार्च 2026। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित जनपद भ्रमण एवं दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस-वे के संभावित लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की गहन समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचएआई एवं लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि प्रस्तावित भ्रमण मार्ग का तत्काल निरीक्षण कर सौन्दर्यीकरण, डिवाइडर मरम्मत एवं सड़क सुधार के कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने यूपीसीएल को भी निर्देश दिए कि अंडरग्राउंड केबलिंग के तहत सड़क किनारे पड़ी केबलों को तत्काल हटाकर मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाया जाए।

कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ने मंच निर्माण, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, बैठने की समुचित व्यवस्था, मोबाइल शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। नगर निगम को संभावित रूट एवं कार्यक्रम स्थल पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए संभावित रूट पर चल रहे सभी निर्माण कार्यों की पूर्व में दी गई अनुमतियां तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई हैं, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो सके।

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त प्रवीन कुमार, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *