17 गैस एजेंसियों, 45 प्रतिष्ठानों और 5 पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण, 341 शिकायतें कंट्रोल रूम में दर्ज
17 गैस एजेंसियों और 45 प्रतिष्ठानों की जांच
19 गैस सिलेंडर जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार
5 पेट्रोल पंपों का भी औचक निरीक्षण
एलपीजी आपूर्ति को लेकर 341 शिकायतें दर्ज
जिले में 67 हजार घरेलू सिलेंडर का बैकलॉग
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून, 14 मार्च। जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को प्रशासन की टीमों ने 17 गैस एजेंसियों, 45 प्रतिष्ठानों और 5 पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 19 गैस सिलेंडर जब्त किए गए और गैस की कालाबाजारी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर एलपीजी गैस से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया है। यहां जिला खाद्य पूर्ति विभाग और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि लगातार शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं।
प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर शनिवार शाम 5 बजे तक एलपीजी गैस आपूर्ति से जुड़ी 341 शिकायतें दर्ज हुईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को जिले में लगभग 29,120 घरेलू उपभोक्ताओं और 69 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडर का लगभग 67 हजार का बैकलॉग अभी भी बना हुआ है।
1 मार्च से अब तक जिले में 1,91,548 घरेलू और 15,336 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है, जबकि वर्तमान में 31,807 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार मांग के अनुरूप गैस की आपूर्ति बढ़ा दी गई है, जिससे जल्द ही बैकलॉग कम होने की उम्मीद है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विभिन्न माध्यमों से गैस बुकिंग की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है। सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल शहरी क्षेत्रों में एक सिलेंडर प्राप्त करने के 25 दिन बाद और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद अगली बुकिंग की जा सकेगी।