समस्तीपुर। क्रिकेट मैदान पर अपनी धुआंधार बल्लेबाजी से पहचान बना चुके समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी इस वर्ष सीबीएसई की 10वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे। प्रशिक्षण, कैंप और टूर्नामेंट की व्यस्तताओं के चलते उन्होंने परीक्षा से विराम लेने का निर्णय लिया है।
सूत्रों के अनुसार हाल के दिनों में लगातार क्रिकेट गतिविधियों के कारण वैभव को बाहर रहना पड़ रहा है, जिससे परीक्षा की तैयारी और शामिल होना संभव नहीं हो पाया। फिलहाल उनका पूरा फोकस क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने और बीसीसीआई के कार्यक्रमों में बेहतर प्रदर्शन पर है।
मॉडेस्टी स्कूल, ताजपुर के प्राचार्य आदर्श कुमार उर्फ पिंटू ने बताया कि वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी से बातचीत के बाद यह निर्णय सामने आया। परीक्षा फार्म भरे जाने के कारण उनका एडमिट कार्ड जारी हो चुका है और परीक्षा केंद्र पोद्दार इंटरनेशनल में पड़ा है।
गौरतलब है कि सीबीएसई 10वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से 11 मार्च तक आयोजित होंगी।