एसएसपी के सख्त निर्देशों पर पुलिस-एसओजी की संयुक्त कार्रवाई
दोबारा वारदात की रैकी करने पहुंचा था आरोपी, चेकिंग के दौरान दबोचा
आर्थिक तंगी में दोस्तों के साथ मिलकर की थी गौकशी
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में हुई गौकशी की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 11 मार्च 2026 को मोहनपुर पावर हाउस के पीछे टी-स्टेट क्षेत्र के चाय बागान में गौवंश के अवशेष मिलने की सूचना मिली थी। इस मामले में थाना प्रेमनगर में मु0अ0सं0-43/2026 के तहत उत्तराखंड गऊ संतान संरक्षण अधिनियम की धारा 3/5 में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर प्रेमनगर थाना और एसओजी की दो संयुक्त टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी और लगातार पूछताछ व निगरानी अभियान चलाया।
इसी दौरान सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी दोबारा वारदात की योजना बना सकते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान चाय बागान प्रेमनगर क्षेत्र से आमिर उर्फ कल्लू को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि काम न मिलने और आर्थिक तंगी के कारण उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर गौकशी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस को पूछताछ में अन्य आरोपियों के बारे में भी जानकारी मिली है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
आमिर उर्फ कल्लू (30 वर्ष), पुत्र मोहम्मद छोटा, निवासी ग्राम बरेली राजपूतान, थाना कोतवाली रुड़की, जनपद हरिद्वार। वर्तमान में रामपुर चुंगी, रुड़की में रह रहा था।
बरामदगी:
एक अवैध तमंचा (.315 बोर)
दो जिंदा कारतूस
कार्रवाई करने वाली टीम:
प्रेमनगर थाना और एसओजी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।