मारपीट प्रकरण की कांग्रेस ने की निंदा, भाजपा करेगी विधायक काऊ से सवाल जवाब

भाजपा राज में सरकारी अधिकारी भी सुरक्षित नहीं तो आखिर सुरक्षित कौन?: गरिमा

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने देहरादून की रायपुर विधानसभा से भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ पर निदेशक प्रारंभिक शिक्षा के कार्यालय में समर्थकों एवं हिस्ट्रीशीटरों के साथ घुसकर अभद्र व्यवहार, बहस और हाथापाई करने का आरोप लगाया हैं। उन्होंने इस घटना को अत्यंत निंदनीय, शर्मनाक और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार करने वाली बताया। उन्होंने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में निदेशक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जो प्रशासनिक व्यवस्था पर सीधा हमला है।

गरिमा ने कहा कि यह घटना न केवल एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की गरिमा पर आघात है, बल्कि पूरे शासन-प्रशासन के मनोबल को गिराने वाली है। जब जनप्रतिनिधि स्वयं कानून हाथ में लेकर इस प्रकार की हिंसक कार्रवाई करें, तो आम जनता से कानून के पालन की अपेक्षा कैसे की जा सकती है?

दसौनी ने आईना दिखाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। यदि सत्ता पक्ष के विधायक ही सरकारी कार्यालयों में घुसकर मारपीट करेंगे, तो यह स्पष्ट संकेत है कि सरकार का संरक्षण अपराधियों को प्राप्त है। यह लोकतंत्र के लिए अत्यंत खतरनाक स्थिति है।

दसौनी ने कहा कि हम मांग करते हैं कि:

1. उक्त विधायक के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए।

2. घटना में शामिल सभी असामाजिक तत्वों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाए।

3. घायल निदेशक को समुचित उपचार एवं सुरक्षा प्रदान की जाए।

4. मुख्यमंत्री इस पूरे प्रकरण पर सार्वजनिक रूप से जवाब दें और प्रदेश की जनता से माफी मांगें।

प्रदेश की जनता सब देख रही है। सत्ता का दुरुपयोग और प्रशासन पर दबाव बनाने की राजनीति अब अधिक दिनों तक नहीं चलेगी। लोकतंत्र में कानून सर्वोपरि है और कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं हो सकता।………………………………………………………………….        बेसिक शिक्षा निदेशक के साथ मारपीट प्रकरण में विधायक काऊ से जवाब तलब करेगी भाजपा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने बोर्ड परीक्षाओं में छात्रों के भविष्य को देखते शिक्षक समुदाय से की संयम की अपील

देहरादून । भाजपा ने शिक्षा अधिकारी के साथ हुए घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए निंदा की है। संगठन घटना मे आरोपी विधायक का मामले मे जवाब तलब करेगी।

प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि पार्टी किसी भी तरह की अराजकता और हिंसा के पूर्णतया खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि जनसमस्या उठाना एक पहलू हो सकता है, लेकिन उसके लिए किसी को भी कानून के उल्लंघन की इजाजत नहीं दी जा सकती हैं। फिलहाल संज्ञान में आई इस घटना को पार्टी ने पूरी तरह गंभीरता से लिया है। इस संदर्भ में शीघ्र पार्टी अपने रायपुर विधायक उमेश काऊ से प्रकरण को लेकर ज़बाब तलब करेगी। जिसमें उन तमाम परिस्थितियों को लेकर भी विस्तार से जानकारी ली जाएगी, जिसके चलते यह सब घटित हुआ। वहीं इस पूरे प्रकरण में कानून अपना कार्य करेगा, जो भी दोषी पाए जाएंगे उनपर सख्त कार्रवाई के पक्ष में पार्टी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने शिक्षा कर्मियों से भी सयंम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं पर घटना का कोई असर न पड़े इसके लिए शिक्षक समुदाय को संयम दिखाना होगा, क्योंकि यह छात्रों के भविष्य से जुड़ा विषय है। पार्टी संगठन इस घटना के बाद आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही की पक्षधर है और कानूनी कार्यवाही के साथ छात्रों के भविष्य पर सोचना भी जरूरी है। IIF1 (1)_260221_210538

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *