दिनदहाड़े हत्याओं से सुलग उठा सियासी पारा; गणेश गोदियाल के नेतृत्व में सरकार पर तीखा हमला, उग्र आंदोलन की चेतावनी
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। देहरादून में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और हालिया जघन्य हत्याओं के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने सोमवार को राजधानी में शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में परेड मैदान में हजारों कार्यकर्ता एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए राजभवन कूच किया। कांग्रेस नेताओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था को पूरी तरह चरमराई हुई बताते हुए अपराध नियंत्रण में सरकार की विफलता का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि हालात में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी व्यापक और उग्र आंदोलन शुरू करेगी।
प्रदर्शन में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत भी शामिल रहे। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि राज्य में कानून-व्यवस्था पटरी पर नहीं आई और अपराधों पर लगाम नहीं लगी तो कांग्रेस उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
दिनदहाड़े हत्याओं से दहशत का माहौल
वक्ताओं ने कहा कि राजधानी देहरादून सहित विभिन्न जनपदों में बीते दिनों दिन-दहाड़े हुई हत्याओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का वातावरण है, जबकि अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पिछले 15 दिनों में राजधानी समेत विभिन्न जिलों में पांच जघन्य हत्याएं हुईं, लेकिन अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जो गंभीर चिंता का विषय है।
सरकार पर तीखा प्रहार
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड जैसे शांतिप्रिय और देवभूमि कहे जाने वाले राज्य में इस प्रकार की घटनाएं राज्य की कानून-व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार अपराध नियंत्रण में पूरी तरह विफल साबित हुई है और अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि
सभी संवेदनशील एवं अपराध-प्रवण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जाए।
संगठित अपराध और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
हर गंभीर आपराधिक घटना की समयबद्ध और उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित की जाए।
पुलिस प्रशासन की जवाबदेही तय कर लापरवाही पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
आमजन में सुरक्षा की भावना स्थापित करने के लिए दृश्यमान और प्रभावी कदम तत्काल उठाए जाएं।
बड़ी संख्या में नेताओं की मौजूदगी
राजभवन कूच में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और चकराता विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा विधायक, पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला, कांग्रेस उपाध्यक्ष पूर्व सांसद महेंद्र पाल और कांग्रेस उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप रैली के अलावा पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, जिला व महानगर अध्यक्षों सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। परेड मैदान में उमड़ी भीड़ और नारों की गूंज ने सरकार के खिलाफ कांग्रेस के तेवर स्पष्ट कर दिए।