जिलाधिकारियों संग समीक्षा बैठक में बैकलॉग खत्म करने, अंश निर्धारण तेज करने और डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी के निर्देश
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन
ओम प्रकाश जोशी, देहरादून।आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सोमवार को सचिवालय में सभी जिलाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एलपीजी सिलेंडर वितरण, खतौनी में अंश निर्धारण, डिजिटल क्रॉप सर्वे और कुंभ-2027 की तैयारियों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने सभी जिलों में कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और तय समयसीमा में लक्ष्य पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने प्रदेशभर में एलपीजी सिलेंडर वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए खाद्य आपूर्ति विभाग और तेल कंपनियों के राज्य स्तरीय समन्वयक को गैस एजेंसियों एवं वितरकों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बैकलॉग समाप्त करने के लिए आपूर्ति बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए कमर्शियल सिलेंडरों की अतिरिक्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार से समन्वय करने को कहा।
राजस्व संबंधी मामलों में उन्होंने खतौनी में अंश निर्धारण के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। विशेष रूप से हरिद्वार, नैनीताल और अन्य मैदानी जनपदों में साप्ताहिक लक्ष्य तय कर नियमित समीक्षा करने को कहा गया। इसके साथ ही सभी जिलाधिकारियों को डिजिटल क्रॉप सर्वे तेजी से पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में कुंभ-2027 की तैयारियों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को आवश्यक शासनादेश शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। नियोजन विभाग को टीएसी और ईएफसी से जुड़े प्रस्तावों को जल्द निस्तारित करने के लिए कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में डुप्लीकेसी नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।
बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, मंडलायुक्तों और सभी जनपदों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।