बूथ मैपिंग में सुस्ती पर जवाबदेही तय करने के संकेत, लापरवाही पर ठोस कार्रवाई की चेतावनी
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। डॉ. बी.वी.आर.सी पुरुषोत्तम, मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड ने सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की।
बैठक में उन्होंने अप्रैल माह में प्रस्तावित एसआईआर के दृष्टिगत जनपदवार प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि देहरादून, उधमसिंह नगर और नैनीताल में मतदाता मैपिंग की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप नहीं है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने तीनों जिलों के जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन बूथों पर मैपिंग प्रतिशत कम है, वहां संबंधित ईआरओ और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि एसआईआर कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी जनपदों को समयसीमा के भीतर बूथ अवेयरनेस ग्रुप (BAG) के गठन के निर्देश भी दिए। साथ ही बताया कि वर्तमान में 77 प्रतिशत बूथों पर बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) की तैनाती हो चुकी है। शत-प्रतिशत तैनाती सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक दलों के साथ पुनः बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
एसआईआर हेल्प डेस्क को सुदृढ़ करने के लिए जिलों में अतिरिक्त कार्मिकों की तैनाती के भी निर्देश जारी किए गए।
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश चंद्र, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री किशन सिंह नेगी सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी एवं ईआरओ वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।