प्रधानमंत्री मोदी के देहरादून आगमन से पहले प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया ग्राउंड जीरो निरीक्षण

:- आशारोड़ी से गढ़ीकैंट महेंद्र ग्राउंड तक मार्ग, सुरक्षा और सुविधाओं की समीक्षा                                                            • एक्सप्रेस हाईवे लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज

ओम प्रकाश जोशी, देहरादून, 04 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ आशारोड़ी से गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड तक सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सड़क मार्ग पर सभी आवश्यक सुधार कार्य तत्काल पूरे किए जाएं। उन्होंने क्षतिग्रस्त डिवाइडरों की मरम्मत, पैचवर्क, दीवारों के रंगरोगन और प्रमुख चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे फैले मलवे की सफाई कर पूरे मार्ग को स्वच्छ और सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया। क्षतिग्रस्त होर्डिंग्स को भी तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डीएम ने पूरे मार्ग पर चाक-चौबंद सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

इसके बाद अधिकारियों ने गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड पहुंचकर मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। यहां मुख्य पंडाल, आमजन के बैठने की व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, पेयजल, सूक्ष्म जलपान और मोबाइल शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कार्यक्रम स्थल पर सुगम आवागमन के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता ओपी सिंह और एनएचएआई की प्रबंधक शालू चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *