शीतलहर से निपटने को प्रशासन अलर्ट, सभी जिलों को एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश

बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में मार्च तक खाद्य, ईंधन और दवाओं का भंडारण अनिवार्य

मुख्य सचिव उत्तराखण्ड आनंद बर्द्धन

देहरादून। प्रदेश में शीतलहर और संभावित बर्फबारी को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर शीतलहर से निपटने की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभागों द्वारा नोडल अधिकारियों की नामितीकरण किया जाए और प्रत्येक जनपद में कोल्ड वेव (शीतलहर) एक्शन प्लान तैयार कर उसके अनुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि सभी जिलों में बर्फबारी एवं पाला प्रभावित क्षेत्रों का चिन्हीकरण तत्काल किया जाए। सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, साथ ही शीतऋतु में लोगों की सुरक्षा के लिए अस्थाई रैनबसेरों की व्यवस्था कर इसके लिए अलग से नोडल अधिकारी नामित किए जाएं।

उन्होंने आवश्यकतानुसार कम्बलों के वितरण के निर्देश देते हुए कहा कि जनपदों में चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा जाए। आपातकालीन सेवाओं के लिए कार्यरत चिकित्सकों की सूची, उनके मोबाइल नंबर तथा आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडारण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

पशुओं की सुरक्षा को लेकर भी मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि चारे और पशु औषधियों का पर्याप्त भंडारण किया जाए तथा आपात सेवाओं के लिए पशु चिकित्सकों की सूची तैयार रखी जाए।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि शीतऋतु में खाद्य आपूर्ति, पेयजल और ईंधन का मार्च माह के अंत तक पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए। भारी बर्फबारी से प्रभावित होने वाले दूरस्थ क्षेत्रों में दिसंबर माह के अंत तक ही खाद्य सामग्री, पेयजल और ईंधन का भंडारण अनिवार्य रूप से कर लिया जाए।

बर्फ से ढकी सड़कों को खोलने के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, बर्फबारी एवं पाला प्रभावित स्थानों पर साइनेंज और रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही ट्रेकिंग कराने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों के साथ बैठक कर उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि पर्यटकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय, सचिव दीपेन्द्र कुमार चौधरी, डॉ. एस.एन. पाण्डेय, विनोद कुमार सुमन, अपर सचिव रंजना राजगुरू सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *