पड़ोस के विवाद में मारपीट से युवक की मौत, दून पुलिस ने 4 आरोपी भाइयों को किया गिरफ्तार

— गैर इरादतन हत्या की धारा में कार्रवाई, गांधीग्राम नई बस्ती से दबोचे गए आरोपी

देहरादून, 09 मार्च 2026। पड़ोस में रहने वाले व्यक्तियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 06 मार्च 2026 को गांधी ग्राम निवासी सतीश पुत्र रामपाल ने थाना बसंत विहार में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 05 मार्च की रात उनके पड़ोस में रहने वाले अतुल तथा उसके साथी गुलशन, रोहन, अंकित और अनुज ने उनके घर में घुसकर उनके साथ और अन्य लोगों के साथ मारपीट की। इस दौरान उनके पड़ोसी गिरेंद्र सिंह को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के दौरान वहां मौजूद एक महिला के साथ छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया गया।

प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना बसंत विहार में धारा 191(2)/74/116(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

इलाज के दौरान हुई मौत, धारा बढ़ाकर गैर इरादतन हत्या जोड़ी

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू किया। इसी बीच 08 मार्च 2026 को उपचार के दौरान घायल गिरेंद्र सिंह की मृत्यु हो गई। इसके बाद 09 मार्च को पुलिस ने मृतक का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराते हुए मामले में धारा 105 बीएनएस (गैर इरादतन हत्या) की बढ़ोतरी कर दी।

पड़ोसी के घर जाने से शुरू हुआ विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अतुल एक व्यक्ति के घर गया था। इसी दौरान उस व्यक्ति ने उसे मौके पर पकड़ लिया। उसी समय गिरेंद्र सिंह भी वहां पहुंच गया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर अतुल के अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए और दोनों व्यक्तियों के साथ मारपीट की, जिसमें गिरेंद्र सिंह को गंभीर चोटें आईं। बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने विवेचना के दौरान चश्मदीद गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों को गांधीग्राम नई बस्ती से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

गुलशन पुत्र सुंदरलाल, उम्र 35 वर्ष

अंकित पुत्र सुंदरलाल, उम्र 28 वर्ष

रोहन पुत्र सुंदरलाल, उम्र 18 वर्ष

अतुल पुत्र सुंदरलाल, उम्र 25 वर्ष

सभी निवासी गांधी ग्राम, नई बस्ती, थाना बसंत विहार, देहरादून।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

उ0नि0 मिथुन कुमार, चौकी प्रभारी इंदिरानगर

अ0उ0नि0 महेंद्र सिंह नेगी

हे0का0 जितेंद्र कुमार

हे0का0 दिनेश

का0 अनुज

का0 दीपक

पुलिस का कहना है कि मृतक की सप्लीमेंट्री मेडिकल रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *