देहरादून के प्रमुख शिव मंदिरों में दिनभर गूंजे ‘हर-हर महादेव’
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राजधानी देहरादून के विभिन्न शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। टपकेश्वर मंदिर (गढ़ी कैंट), मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर, सिद्धेश्वर महादेव मंदिर तथा बाईपास से माता मंदिर रोड स्थित शिव शक्ति मंदिर सरस्वती विहार, बंजारावाला, पलटन बाजार, धर्मपुर, रायपुर, राजपुर, पटेलनगर, क्लेमेनटाउन, प्रेमनगर, गढ़ीकैंट समेत विभिन्न जगहों के शिवालयों में दिनभर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे।
प्रातःकाल से ही भक्तों ने लंबी कतारों में लगकर जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान शिव को बेल पत्री, भांग, धतूरा, पुष्प, दूध, दही आदि अर्पित कर मनवांछित फल की कामना की। मंदिर परिसरों को फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया था, जिससे वातावरण और भी भक्तिमय हो उठा।
मंदिरों में पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने गरीबों और जरूरतमंदों में दान-दक्षिणा देकर पुण्य अर्जित किया। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन भी सतर्क नजर आया।