भीमताल के बोहरकून में खाई में गिरा टेंपो ट्रैवलर, 27 यात्रियों को सुरक्षित बचाया

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चला त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन, 24 बच्चे थे सवार

मोनाल एक्सप्रेस, भीमताल (नैनीताल)। भीमताल के बोहरकून क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से भीमताल घूमने आ रहा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर लगभग 40 मीटर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में कुल 27 यात्री सवार थे, जिनमें 24 बच्चे, 2 वयस्क और 1 चालक शामिल थे।

हादसे की सूचना मिलते ही एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में नैनीताल पुलिस ने त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ भवाली श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल के नेतृत्व में स्थानीय थाना पुलिस, एसडीआरएफ और फायर यूनिट की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टेंपो ट्रैवलर में सवार सभी 27 यात्रियों को सकुशल बाहर निकाला गया। दुर्घटना में 2 वयस्कों और 16 बच्चों को चोटें आईं, जिन्हें तत्काल सीएचसी भीमताल ले जाकर उपचार कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 4 बच्चों को बेहतर जांच और इलाज के लिए एंबुलेंस के माध्यम से एसटीएच हल्द्वानी रेफर किया गया है।

पुलिस और राहत एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू कार्य में सहयोग किया। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *