अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड का शिष्टमंडल निदेशालय पहुँचा मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के पदाधिकारियों के शिष्टमंडल ने आज शिक्षा निदेशालय में अशासकीय शिक्षकों की विभिन्न लंबित और महत्वपूर्ण मांगों को लेकर मांग पत्र सौंपा। शिष्टमंडल ने निदेशालय स्तर पर जारी होने वाले आदेशों में अशासकीय शिक्षकों के हितों को स्पष्ट रूप से सम्मिलित किए जाने की मांग की।
तदर्थ सेवाओं का लाभ चयन व प्रोन्नत वेतनमान में देने की मांग
मांग पत्र में 05 जनवरी 2026 के शासनादेश का उल्लेख करते हुए कहा गया कि तदर्थ सेवाओं का लाभ चयन वेतनमान एवं प्रोन्नत वेतनमान में दिए जाने संबंधी निदेशालय स्तर से जारी आदेशों में अशासकीय शिक्षकों को भी सम्मिलित किया जाए।
उच्चीकृत विद्यालयों के शिक्षकों को पदोन्नति लाभ
संघ ने अशासकीय जूनियर हाईस्कूलों से उच्चीकृत माध्यमिक विद्यालयों में समायोजित शिक्षकों को प्रधानाध्यापक एवं प्रधानाचार्य पदों पर पदोन्नति के लिए जूनियर हाईस्कूल की सेवाओं का लाभ प्रदान किए जाने की मांग की।
डाउन ग्रेड प्रधानाचार्य पदोन्नति में कट ऑफ डेट में संशोधन
डाउन ग्रेड प्रधानाचार्य पद हेतु पदोन्नति में रिक्ति की तिथि के स्थान पर प्रबंध समिति के प्रस्ताव एवं अर्हता की तिथि को कट ऑफ डेट माने जाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
अल्पसंख्यक विद्यालयों में पदोन्नति प्रक्रिया पर जोर
संघ ने अल्पसंख्यक अशासकीय विद्यालयों में 50 प्रतिशत पदोन्नति के पदों पर पहले पदोन्नति किए जाने के बाद ही नई नियुक्ति प्रक्रिया/अनुमोदन दिए जाने की मांग की। साथ ही जिन अल्पसंख्यक विद्यालयों में नियुक्ति प्रक्रिया गतिमान है, वहां यह जांच पहले की जाए कि वरिष्ठ शिक्षकों की पदोन्नति हुई है या नहीं।
तदर्थ, पीटीए और पेंशन से जुड़े प्रमुख मुद्दे
मांग पत्र में तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण, मानदेय प्राप्त पीटीए शिक्षकों को तदर्थ किए जाने, माध्यमिक एवं जूनियर हाईस्कूलों में कार्यरत बिना मानदेय पीटीए शिक्षकों को मानदेय से आच्छादित किए जाने तथा जनपद अल्मोड़ा के सेवानिवृत्त शिक्षकों के लंबित पेंशन प्रकरणों का अविलंब निस्तारण किए जाने की भी मांग की गई।
शिष्टमंडल में ये पदाधिकारी रहे शामिल
शिष्टमंडल में अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के
प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजल्वाण,
प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी,
प्रांतीय कोषाध्यक्ष मनमोहन सिंह नेगी,
प्रांतीय मंत्री कपूर सिंह पंवार,
जिलाध्यक्ष देहरादून अनिल नौटियाल,
वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष दिनेश डोबरियाल,
जिला मंत्री विजयपाल सिंह जगवाण सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।