:- गोविंदघाट के टैय्या पुल के पास नदी में कूदे यात्री को जोखिम भरे ऑपरेशन में सुरक्षित निकाला गया, बद्रीनाथ दर्शन के लिए आया था कर्नाटक निवासी
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। आज दोपहर स्थानीय व्यक्ति द्वारा कोतवाली गोविंदघाट पर सूचना दी गई कि टैय्या पुल (पटमेली) के पास एक व्यक्ति ने नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक चित्रगुप्त पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर फोरेस्ट रेंजर चेतना काण्डपाल भी अपनी टीम के साथ मौजूद थीं।
मौके पर देखा गया कि उक्त व्यक्ति नदी के बीच एक पत्थर पर फंसा हुआ था, जहाँ तक पहुँचना बेहद कठिन और जोखिम भरा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल SDRF को मौके पर बुलाया गया।
इसके बाद पुलिस, SDRF और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बेहद सावधानी और सूझबूझ के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच चलाए गए इस महा-रेस्क्यू अभियान में व्यक्ति को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू किए गए व्यक्ति की पहचान मऊनीष पुत्र लक्ष्यमप्पा, निवासी करटजी, कर्नाटक के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह श्री बद्रीनाथ धाम के दर्शन हेतु आया था। यात्री को मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार थाना स्तर पर किया जा रहा है।
वर्तमान में पुलिस द्वारा कर्नाटक स्थित उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।