रानीपोखरी पुलिस की सराहनीय पहल: 7 लाख का खोया हार लौटाया, महिला के चेहरे पर लौटी मुस्कान

स्कूली बच्चों को स्कूल गेट के पास मिला था सोने का रानीहार

ज्वैलर की सतर्कता और पुलिस की सक्रियता से मिला असली मालिक

सीसीटीवी फुटेज व सोशल मीडिया की मदद से अल्प समय में सफलता

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। थाना रानीपोखरी क्षेत्र में ईमानदारी और सतर्कता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। बालिका इंटर कॉलेज रानीपोखरी के गेट के पास कुछ स्कूली बच्चों को एक पीली धातु का रानीहार लावारिस अवस्था में पड़ा मिला। जिज्ञासावश बच्चे उक्त हार को स्थानीय ज्वैलर्स के पास ले गए, जहां जांच के दौरान वह सोने का पाया गया।

ज्वैलर ने जिम्मेदारी दिखाते हुए तत्काल इसकी सूचना रानीपोखरी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चों से आवश्यक जानकारी जुटाई। इसके बाद बताए गए स्थान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही सोशल मीडिया और रेडियो संदेशों के माध्यम से भी हार के संबंध में सूचना प्रसारित की गई।

लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप हार की वास्तविक स्वामिनी सीमा डोभाल पत्नी अभिषेक डोभाल, निवासी रानीपोखरी का पता लगाया गया। आवश्यक पूछताछ और साक्ष्यों के सत्यापन के बाद करीब 7 लाख रुपये मूल्य का हार उन्हें सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।

हार वापस पाकर भावुक हुईं सीमा डोभाल ने कहा कि उन्होंने अपने हार को वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस की तत्परता और ईमानदारी की सराहना करते हुए दून पुलिस का आभार व्यक्त किया।

यह घटना पुलिस की सजगता, त्वरित कार्रवाई और जनसहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *