अक्षय तृतीया पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खुले गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट

देहरादून: गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट शनिवार को अक्षय तृतीया के पावन अवसर और शुभमुहूर्त पर श्रालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। मां गंगा की उत्सव डोली शुक्रवार को अपने शीतकालीन प्रवास मुखवा (मुखिमठ) से भारी सुरक्षा बल के बीच ढोल-नगाड़ों व आर्मी बैण्ड की धुन पर हजारों श्रद्धालुओं के साथ भैरोघाटी पहुंची, जहां रात्रि विश्राम करने के बाद शनिवार सुबह डोली भैरो मन्दिर से प्रस्थान कर गंगोत्री धाम पहुंची। गंगोत्री में शुभमुहूर्त 12 बजकर 35 मिनट पर तीर्थ पुरोहितों के द्वारा पूजा-अर्चना कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए।


दूसरी ओर मां यमुना की उत्सव डोली शनिवार प्रातः अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली (खुशीमठ) से अपने भाई शनिदेव की अगुआई में कालिन्दी पर्वत की तलहटी में स्थित यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। यमुनोत्री में वैदिक मंत्रोच्चार व विधि विधान के साथ तीर्थ पुरोहितों के द्वारा 12 बजकर 41 मिनट पर धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिये गए हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने माँ यमुना के शीतकालीन प्रवास खरसाली में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की।
वहीं, गंगोत्री धाम मे कपाट खुलने के पर मुख्यमन्त्री पुष्कर सिंह धामी, गढ़वाल आयुक्त सुशील कुमार, पुलिस महानिरीक्षक गढवाल परिक्षेत्र, करन सिंह नग्नयाल, विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, जिलाधाकारी उत्तरकाशी अभिषेक रुहेला, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी अर्पण यदुवंशी, मन्दिर समिति गंगोत्री के पदाधिकारी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *