– राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग कर किया शुभारंभ, फेक न्यूज पर अंकुश और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर दिया जोर
– स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों को वैश्विक पहचान दिलाने में डिजिटल मीडिया की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण
देहरादून। डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच उत्तराखंड सूचना विभाग ने जनसंवाद और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार को नई दिशा देने की पहल की है। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय देहरादून में डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का औपचारिक शुभारंभ किया गया। सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्वयं पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग कर इस नई पहल की शुरुआत की।
इस अवसर पर बंशीधर तिवारी ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में पॉडकास्ट सूचना और संवाद का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इसके जरिए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आम जनता तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सूचनाओं का प्रसार अधिक व्यापक स्तर पर किया जा सकता है।
फेक न्यूज के प्रसार पर जताई चिंता
सूचना महानिदेशक ने सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही फेक न्यूज के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है कि किसी भी सूचना को साझा करने या आगे प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करे। भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार बेहद जरूरी है।
लोक संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने में सोशल मीडिया की अहम भूमिका
स्थानीय संस्कृति और परंपराओं के प्रचार-प्रसार में डिजिटल मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया ने हमारी लोक संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों को वैश्विक पहचान दिलाने का अवसर दिया है। हरेला, इगास और छठ पूजा जैसे लोक पर्वों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों से आज हमारी सांस्कृतिक विरासत देश-दुनिया के कोने-कोने तक पहुंच रही है।
उन्होंने युवा पीढ़ी और पत्रकारिता के विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक संवाद, विश्वसनीय सूचनाओं और जनजागरूकता के प्रसार के लिए करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सूचना महानिदेशक ने जिला सूचना कार्यालय देहरादून का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी, अपर जिला सूचना अधिकारी रविन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ सहायक इंद्रेश कोठारी सहित जिला सूचना कार्यालय के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।